- भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस ने किया लाठीचार्ज, बचने को बच्चों को आगे किया, हंगामा, लोगों ने की उत्तेजक नारेबाजी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मुंडाली में सोमवार को लाठी-डंडों से लैस एक हाथ में तिरंगा थामे हजारों की भीड़ अचानक सड़कों पर उतर आयी। ये लोग उत्तेजक नारे लगा रहे थे। इसकी सूचना जिला मुख्यालय पहुंची तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस फोर्स मौके पर रवाना कर दी गयी। पुलिस ने नारेबाजी व हंगामा कर रही भीड़ को गलियों में खदेड़ने के लिए लाठियां फटकार दीं तो वहां और भी ज्यादा हंगामा हो गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव इतना जबरदस्त था कि पुलिस वालोें को वहां से जान बचाने के लिए भागना पड़ गया। हालांकि अधिकारी केवल इतना कह रहे हैं कि कुछ युवाओं ने पत्थर फेंके।
यति नरसिंहानंद के बयान के विरोध में शुरू हुआ बवाल थमता नजर नहीं आ रहा है। बीते शुक्रवार से शुरू हुए छिटपुट प्रदर्शन सोमवार को बड़े विरोध प्रदर्शन में बदले हुए नजर आयी। करीब पांच हजार की भीड़ सड़कों पर थी। ये लोग यति नरसिंहानंद के बयान के विरोध में मेरठ के मुंडाली में जुलूस निकाला रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा और बच्चे इस जुलूस में लाठी-डंडे लेकर शामिल हुए। लाठी-डंडे लहराते हुए युवकों ने जमकर नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शरारती तत्वों को खदेड़ा तो जुलुस में शामिल युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। यति नरसिंहानंद महाराज के बयान के विरोध में मेरठ के मुंडाली गांव में निकाले जा रहे जुलूस के दौरान लाठी-डंडे लहराते हुए धार्मिक नारेबाजी की गई।
जुलूस में युवाओं के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने जुलूस निकाल रहे लोगों को खदेड़ा। इस दौरान कुछ शरारती तत्वों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। पुलिस अब वीडियो से चिन्हित कर जुलूस निकालने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही है। पुलिस अब बिना अनुमति के जुलूस निकालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है। पुलिस के अनुसार माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दूसरी ओर एसपी देहात राकेश मिश्रा ने बताया कि गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बगैर अनुमति जुलूस निकालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जुलूस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मुंडाली गांव में निकाले जा रहे जुलूस का वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में बड़ी संख्या में बच्चे और युवा दिख रहे हैं। सभी धार्मिक नारे लगा रहे हैं कई युवाओं के हाथों में लाठी-डंडे भी हैं।
डीजीपी के जुलूस और विरोध प्रदर्शन पर सख्ती से रोक के आदेश
यति नरसिंहानंद के बयान प्रकरण को लेकर विरोध व पक्ष में होने वाले तमाम विरोध प्रदर्शनों व जुलूसों पर सूबे के पुलिस प्रमुख ने सख्ती से रोक के आदेश जारी कर दिए हैं। इस आश्य के आदेश जिला मुख्यायल पर सोमवार को पहुंचे हैं। माना जा रहा है यति के बयान मामले को लेकर बुलंदशहर, गाजियाबाद, सहारनपुर और सोमवार को मेरठ के मुुंडाली में हुए बवाल के चलते इस आश्य के आदेश डीजीपी ने जारी किए हैं। साथ ही यह भी यदि कोई समर्थन व विरोध में जुलूस या प्रदर्शन करता है तो उनके खिलाफ भी पुलिस को कानूनी कार्रवाई के निर्देश डीजीपी के पत्र में दिए गए हैं।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
सोमवार को मुंडाली में जो कुछ हुआ उसको लेकर एसपी देहात के आदेश पर 180 के खिलाफ बेहद गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद मुंडाली से कई लोग गिरफ्तारी के डर से अंडरग्राउंड हो गए हैं। लेकिन पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है उन सभी को जेल भेजा जाएगा।

