- रिकॉर्ड तोड़ व्यापार से खिले कारोबारियों के चेहरे, खूब खनके बर्तन
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: देशभर में मंगलवार को धनतेरस का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की रौनक देखने को मिली। धनतेरस पर लोगों ने जमकर सोने, चांदी के सिक्के, लक्ष्मी गणेश, बर्तनों, आभूषण, टू व्हीलर व गाड़ियों की खरीदारी की और साथ ही घरों में नया बर्तन व झाड़ू ले जाकर धनतेरस का शुभ त्योहार मनाया। देर रात तक शहर के प्रमुख बाजार शास्त्रीनगर, आबूलेन, बेगमबाग, सराफा बाजार सहित सभी छोटे-बड़े ज्वेलर्स पर ग्राहकों की भीड़ दिखी।
इस बार दीपावली के दौरान सराफा कारोबार में 20% की वृद्धि हुई है। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स के दुकानदारों की भी इस बार चांदी हुई है। आॅटोमोबाइल सेक्टर में धनतेरस पर शुभ मुहूर्त लगते ही कार डिलीवरी के लिये हुंडई, टाटा, नेक्सा सहित अन्य कार व टू व्हीलर शोरूम पर भीड़ रही। मंगलवार को लगभग छह हजार गाड़ियों की डिलीवरी रही। त्योहार पर ग्राहकों के लिए केक सेरेमनी वेरिएबल कटिंग के बाद गाड़ियों में टू व्हीलर की डिलीवरी दी गई।
सरधना में भी उमड़ी भीड़
सरधना: मंगलवार को धनतेरस पर सुबह से की नगर के बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। ग्रामीण क्षेत्र से लोगों ने बाजारों में दीपावली के जमकर खरीदारी की। नगर के गंज बाजार, चौक बाजार, गुजरान गेट, अशोक स्तंभ मार्केट में काफी चहल पहल देखने को मिली। बाजारों में भीड़ के चलते यहां दिनभर भयंकर जाम की समस्या बनी रही। पूरी दिन नगर के अधिकांश मार्गों का जाम लगा रहा। जाम खुलवाने में पुलिस को भी काफी पसीना बहाना पड़ा। देर शाम तक यहां लोगों को जाम से निजात नहीं मिल सकी। वहीं रात तक नगर के बाजार गुलजार रहे। वहीं बाजारों में लौटी रौनक से व्यापारियों के चेहरों पर भी खुशी लौटा दी है।

