जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में नौकरी पाने के लिए सिफारिश या अनैतिक दबाव की जरूरत नहीं पड़ती, बल्कि योग्यता और पारदर्शी प्रक्रिया के आधार पर नियुक्तियां हो रही हैं।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित कुल 481 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें आयुष विभाग के प्रोफेसर, रीडर, चिकित्सा अधिकारी, स्टाफ नर्स तथा व्यावसायिक शिक्षा विभाग के अनुदेशक शामिल रहे।
“अब यूपी में निष्पक्ष भर्ती हो रही है” — सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों में भर्ती प्रक्रिया भ्रष्टाचार, सिफारिश और जाति-धर्म आधारित भेदभाव से प्रभावित रहती थी, जिससे प्रतिभाशाली युवाओं का भविष्य प्रभावित होता था।
उन्होंने कहा, “आवेदन से लेकर परीक्षा और परिणाम तक अब किसी सिफारिश या अनैतिक दबाव की जरूरत नहीं पड़ती। साफ नीयत और स्पष्ट नीति के कारण भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी बनी है।”
सीएम योगी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने निष्पक्ष भर्ती के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। तकनीक के बेहतर उपयोग और आयोगों की जवाबदेही तय करने से युवाओं को न्याय मिला है।
“यूपी अब बीमारू नहीं, ग्रोथ इंजन बना”
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडाराज, भ्रष्टाचार और अराजकता से होती थी, लेकिन अब प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय तीन गुना बढ़ी है। अब यूपी को कोई “बीमारू राज्य” नहीं कहता। योगी आदित्यनाथ ने कहा, “आज देश में कहीं भी यूपी का नाम आता है तो लोगों के चेहरे पर सम्मान दिखाई देता है।”
पिछले 15 दिनों में चौथा नियुक्ति कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते 15 दिनों में यह चौथा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम है। उन्होंने हाल ही में 60 हजार पुलिस आरक्षियों की पासिंग आउट परेड और अन्य बड़ी भर्तियों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने नए नियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि जो कामचोरी करेगा, वह “दुर्गति” से नहीं बच पाएगा।
आयुष और हेल्थ टूरिज्म पर विशेष जोर
सीएम योगी ने आयुष क्षेत्र को भविष्य का बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि हेल्थ टूरिज्म को बढ़ावा देने में आयुष की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को मजबूत करने, औषधीय पौधों की खेती बढ़ाने और पंचकर्म जैसी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने गिनाईं उपलब्धियां
कार्यक्रम में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने बिना भ्रष्टाचार के 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। साथ ही पिछले 9 वर्षों में 14 लाख युवाओं को प्रशिक्षण और 7.5 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है।
मंत्री अग्रवाल ने बताया कि आईटीआई संस्थानों में सोलर, एविएशन, 3डी प्रिंटिंग और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसे आधुनिक ट्रेड शुरू किए गए हैं, ताकि युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित किया जा सके। उन्होंने नए नियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी और सेवा भावना के साथ काम करने की अपील की।

