जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: सहारनपुर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा सघन पैदल गश्त अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देशन में जिलेभर के प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस टीमों ने पैदल गश्त की।
गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की गई। आवश्यकता के अनुसार वैधानिक कार्रवाई भी की गई। पुलिसकर्मियों ने आम लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।एसएसपी अभिनंदन ने निर्देश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।पुलिस की इस कार्रवाई से जहां एक ओर असामाजिक तत्वों में सतर्कता बढ़ी है, वहीं आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

