- फिरौती की रकम को कर रहा था प्रॉपर्टी में इन्वेस्ट गिरफ्तारी को पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कॉमेडियन सुनील पाल व अभिनेता मुश्ताक अहमद अपहरण कांड का मास्टर माइंड लवीपाल प्रॉपर्टी डीलर बनने का ख्वाब पाल रहा था। अपहरण सरीखी वारदातें अंजाम देकर उसने जो भी रकम जमा की थी, वह सब रियल एस्टेट में इन्वेस्ट की थी। पुलिस उसकी संपत्तियों को खंगाल रही है। मेरठ व बिजनौर पुलिस की ओर से 25-25 हजार के इनाम के ऐलान के बाद पुलिस का प्रयास है कि उसकी संपत्ति कुर्क कर ली जाए। हालांकि लवीपाल की तलाश में पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। जहां भी उसकी लोकेशन मिल रही है, पुलिस की टीमें वहीं पहुंच रही हैं,
लेकिन यह इस कदर शातिर है कि एक स्थान पर ज्यादा देर तक नहीं टिक रहा है। पुलिस का कहना है कि लवी पाल जल्दी-जल्दी स्थान बदल रहा है। लवीपाल की तलाश में पुलिस जितना कुछ कर सकती थी, अधिकारियों का कहना है कि तमाम टीमें उससे ज्यादा प्रयास कर चुकी हैं, लेकिन वह बेहद शातिर दिमाग शख्स है। अधिकारियों का मानना है कि लवीपाल उसको लेकर जो कुछ मीडिया पर चल रहा है, उस पर लगातार नजर रखे हुए हैं। यह भी संभव है कि लवीपाल को उसके गुर्गे मेरठ व बिजनौर पुलिस के स्तर से जो कुछ कहा व किया जा रहा है उसकी भी पल-पल की जानकारी दे रहे हों।
नया नंबर, नया मोबाइल
अपहरण कांड में नाम आने के बाद लवीपाल जिन नंबरों व मोबाइल को यूज कर रहा था, उसने उनसे दूरी बना ली है। माना जा रहा है कि वह अब नए मोबाइल नंबर व फोन यूज कर रहा है। उसके तमाम पुराने नंबर स्वीच आॅफ जा रहे हैं। लवीपाल की तलाश में लगी तमाम पुलिस टीमें उसके मोबाइल का नंबर भी ट्रेस करने में जुटी हैं। हालांकि अभी तक इसको लेकर कोई सफलता नहीं मिली है। सूत्रों ने जानकारी दी है कि लवीपाल की सरेंडर अर्जी डालने वाले अधिकवक्ता से भी पुलिस अधिकारियों ने जानकारी का प्रयास किया तोकि उसकी लोकेशन मिल जाए, लेकिन अधिवक्ता से भी पुलिस कुछ हासिल नहीं कर सकी। फिलहाल हालत ये है कि पुलिस इस मामले में अंधेरे में सूई तलाश करने का प्रयास कर रही है।
लवीपाल की गिरफ्तारी के बाद आएंगे सुनील पाल
अपहरण कांड के मास्टर माइंड लवीपाल व उसके बाकी फरार गुर्गों की गिरफ्तारी के बाद कॉमेडियन सुनील पाल को पुलिस बुलाएगी। दरअसल, पुलिस का प्रयास है कि मामले के सफल अनावरण के उपरांत जब प्रेस कांफ्रेंस की जाए तो उसमें अपहरण कांड का शिकार बने लवीपाल मौजूद रहें। नाम न छापे जाने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि लवीपाल बराबर संपर्क बनाए हुए हैं। उनकी ओर से दिन प्रतिदिन की अपडेट भी ली जा रही है। उनकी ओर से जांच एजेन्सियों को पूरा सहयोग भी मिल रहा है।
घटनाएं रोकने को अपराधियों पर कार्रवाई के निर्देश
मेरठ: क्राइम कंट्रोल करने के लिए डीआईजी कलानिधि नैथानी ने रेंज के मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, हापुड़ के जिला प्रभारियों के साथ अपराध की मासिक समीक्षा गोष्ठी की। इस अवसर पर डीआईजी कलानिधि नैथानी ने शासन की मंशा के अनुरूप जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई के लिए दिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं व बच्चों एवं जघन्य अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध एचएस/गुंडा/गैंगस्टर आदि की प्रभावी कार्रवाई करते हुए निगरानी के लिए कहा। अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान आॅपरेशन पहचान को लगातार जारी रखने तथा आॅपरेशन पहचान के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के दिए निर्देश दिए।
इसके साथ आगामी त्योहार क्रिसमस एवं नव वर्ष के दृष्टिगत बाजारों में भीड़भाड़ के दृष्टिगत पार्किंग व्यवस्था, डायवर्जन, बैरिकेडिंग एवं नियमित रूप से फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश दिए। इसके साथ सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्मों पर सतत निगरानी के लिए कहा। शीत ऋतु के तहत रेंज के जनपदों में चोरी की घटनाएं होने की सम्भावना के दृष्टिगत सभी जनपदों में रात्रि गश्त, पिकेट बढ़ाये जाने तथा निरन्तर प्रभावी चेकिंग के निर्देश दिए गये।
छह माह से अधिक लंबित विवेचनाओं की सूची बनाकर राजपत्रित अधिकारी विवेचकों को अलग से समीक्षा कर विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए गये हैं। लम्बित विवेचनाओं व प्राप्त प्रार्थना पत्रों की जांच व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण समयबद्ध कराया जाए तथा महिला, बालिकाओं से सम्बंधित अपराधों में गंभीरता से कार्रवाई के लिए कड़े निर्देश दिए गए।
अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान आॅपरेशन पहचान को लगातार जारी रखने तथा आॅपरेशन पहचान के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। गंभीर अपराधों के अभियुक्त जैसे हत्या, लूट, डकैती, गैंगरेप, गो तस्करी, वाहन चोरों, मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई करने तथा गैंगस्टर के अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 14(1) अंतर्गत संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए गये। अपराध समीक्षा बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर, पुलिस अधीक्षक बागपत, पुलिस अधीक्षक हापुड़, पुलिस अधीक्षक नगर मेरठ (जनपदीय प्रभारी) एवं अपर राज्य रेडियो अधिकारी मेरठ जोन अधिकारीगण मौजूद रहे।

