जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियों में शुमार तापसी पन्नू इन दिनों रांची में अपनी अगली फिल्म ‘रश्मि रॉकेट’ की शूटिंग कर रही हैं। उन्हें रांची की आबोहवा काफी पसंद आ रही है। साथ ही उन्हें यहां का पारंपरिक लिट्टी-चोखा भी खूब भा रहा है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर इसका जिक्र किया है। उन्होंने ट्वीट किया कि पहली बार रांची में शूट कर रही हूं। यहां काफी मजा आ रहा है। रांची काफी खूबसूरत शहर है। यहां के स्टेडियम किसी विदेशी लोकेशन से कम नहीं हैं।
फिलहाल तापसी मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में शूटिंग कर रही हैं। यह फिल्म एक समान्य परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बनने की कहानी है। तापसी ने ट्विटर के जरिए लिट्टी-चोखे के स्वाद को भी बयां किया। उन्होंने लिखा लिट्टी-चोखा खाने का मजा लिया। यह काफी मजेदार है। काफी कुछ सुना था, सो खाकर देख भी लिया। वाकई शानदार है।
What a wonderful experience to shoot in Ranchi,Jharkhand. My first time in the city and taking back some really good memories and an after taste of litthi chokha:)
Amazing world standard tracks and stadiums 👌🏼— taapsee pannu (@taapsee) December 24, 2020
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी तापसी पन्नू के ट्वीट के जवाब में रीट्वीट करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। सीएम सोरेन ने लिखा कि आपकी टीम की मेहमान नवाजी का जो हमें मौका मिला, उससे हम काफी अभिभूत हैं। हमारी कोशिश राज्य में खेल व खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और झारखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने की है। खासकर इको टूरिज्म को।
तापसी की फिल्म में झारखंड के खिलाड़ियों और खेल से जुड़े लोगों को भी काम करने का अवसर मिला है। कई खिलाड़ियों ने खेल के सीन में उनके साथ दौड़ लगाई। रांची जिला खो-खो संघ के महासचिव अजय झा इसमें रेस शुरू कराते नजर आएंगे। वहीं, एथलेटिक्स संघ के शशांक भूषण एंकरिंग करते दिखेंगे।
इन सभी ने तापसी के साथ फिल्म की शूटिंग में भाग लेने की बात को रोमांचक बताते हुए कहा कि यह अलग तरह का अनुभव रहा। खेल के मैदान में हमेशा रहते हैं, लेकिन फिल्मी पर्दे पर भी नजर आएंगे, कभी सोचा नहीं था। तापसी पन्नू की खेल से जुड़ी यह तीसरी फिल्म है। इससे पहले सूरमा और सांड की आंख में उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा का दमखम दिखाया। रश्मि रॉकेट के बाद वे भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान रहीं मिताली राज की बायोपिक पर काम करेंगी।

