जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बीसीसीआई ने गुरुवार को टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज चेतन शर्मा को नई राष्ट्रीय चयन समिति का अध्यक्ष बनाया है। गुरुवार को अहमदाबाद में हुई एजीएम में बीसीसीआई ने नॉर्थ जोन से चेतन शर्मा के अलावा वेस्ट जोन से अभय कुरुविला और ईस्ट जोन से देवाशीष मोहंती को भी राष्ट्रीय चयन समिति के नए सदस्यों के रूप में नामित किया है।
बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने गुरुवार को चयन समिति में तीन सदस्यों के चयन के लिए इंटरव्यू किए, जिसमें इन तीनों की नियुक्ति हुई है। बता दें कि इस चयन समिति के अध्यक्ष के तौर पर पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अजीत अगरकर का नाम सबसे आगे चल रहा था, लेकिन उनका चयन नहीं हो सका।
बता दें कि मदन लाल, आरपी सिंह और सुलक्षणा नाइक की सीएसी ने आज कई उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए। इनमें अजीत अगरकर, शिव सुंदर दास, नयन मोंगिया और मनिंदर सिंह जैसे नाम शामिल हैं। इन सबको पीछे छोड़कर समिति ने इन तीनों के नाम पर अपनी मुहर लगाई।
बता दें कि1987 वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने वाले चेतन शर्मा मौजूदा अध्यक्ष सुनील जोशी की जगह लेंगे।

