नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार को शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों की चिंता और व्यापक संघर्ष की आशंकाओं के चलते बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट देखने को मिली। दरअसल, बीएसई का 30 शेयरों वाला बेंचमार्क सूचकांक पिछले दिन की गिरावट को जारी रखते हुए शुरुआती कारोबार में 424.65 अंक गिरकर 79,910.16 पर आ गया। एनएसई निफ्टी 144.75 अंक गिरकर 24,129.05 पर आ गया।
यह गिरावट ऐसे समय में आई है जब भारत ने गुरुवार रात जम्मू और पठानकोट सहित कई सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से किए गए हमलों की पाकिस्तान की कोशिशों को विफल कर दिया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, भारत के उत्तरी और पश्चिमी क्षेत्रों में लगभग 15 स्थानों पर इसी तरह के प्रयासों को समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी करते हुए सभी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। इस घटनाक्रम से बाजार की धारणा पर नकारात्मक असर पड़ा है, जिससे निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं।
किन्हें फायदा किसे नुकसान?
सेंसेक्स फर्मों में से पावर ग्रिड, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, अदानी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व, इटरनल, अल्ट्राटेक सीमेंट और नेस्ले पिछड़ते दिखे। लार्सन एंड टुब्रो ने 31 मार्च, 2025 को समाप्त तिमाही के लिए समेकित लाभ (पीएटी) में 25 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5,497 करोड़ रुपये की रिपोर्ट के बाद 4 प्रतिशत से अधिक की छलांग लगाई। टाइटन कंपनी में भी 4 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई।
टाटा समूह की इस कंपनी ने मार्च तिमाही में समेकित लाभ में 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। टाटा मोटर्स, एशियन पेंट्स, कोटक महिंद्रा बैंक और भारतीय स्टेट बैंक भी फायदे में रहे। एक्सचेंज डेटा के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को 2,007.96 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
बाहरी बाजारों के कैसे हैं हाल?
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, शंघाई का एसएसई कंपोजिट इंडेक्स और हांगकांग का हैंग सेंग कम कारोबार कर रहे थे, जबकि जापान का निक्केई 225 इंडेक्स ऊपर कारोबार कर रहा था। गुरुवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक दायरे में बंद हुए।

