जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: आज शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हालिया सुरक्षा स्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल को पाकिस्तानी आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में हमला किया था, जिसका जवाब भारत ने मजबूती से दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प और भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता की सराहना करते हुए कहा कि पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब मिला है।
क्या बोले सीएम योगी?
सीएम योगी ने कहा, “हमें अपने सशस्त्र बलों के साथ खड़ा होना है और उनका मनोबल बढ़ाना है। आज पाकिस्तान पूरी दुनिया के सामने कराहता नजर आ रहा है।” उन्होंने यह भी आगाह किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें और अफवाहें फैलाने की कोशिशें की जा सकती हैं। ऐसे में जनता को सतर्क रहने और केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की।
सीएम ने पीएम मोदी की तारीफ की
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा, “हमें उनके मार्गदर्शन में देश के हित में कार्य करते रहना है। भारत हर परिस्थिति में विजयी रहा है और आगे भी विजयी रहेगा।”
महाराणा प्रताप की जयंती के उपलक्ष में कर रहे थे संबोधित
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी लखनऊ के महाराणा प्रताप चौक, हुसैनगंज चौराहा के पास महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा के सौन्दर्यीकरण का लोकार्पण करने के बाद संबोधित कर रहे थे।
तनावपूर्ण हालातों को देखते हुए प्रशासन अलर्ट
बता दें कि देश में तनावपूर्ण हालातों के बीच छावनी, रेलवे, एयरपोर्ट प्रशासन ने कमर कस ली है। इन जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सभी जगह एंट्री व निकासी पर कड़ी जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशनों की निगरानी ड्रोन से करने की तैयारी है। ट्रेनों में आरपीएफ एस्कॉर्ट बढ़ाया जा रहा है तथा एयरपोर्ट पर बुलेटप्रूफ गाड़ियों से गश्त बढ़ाई गई है। सेना का खुफिया तंत्र भी मुस्तैद हो गया है। हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

