नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। पहलगाम हमले के जवाब में भारत द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस ऑपरेशन के बाद पाकिस्तान की ओर से लगातार बौखलाहट देखने को मिल रही है, वहीं भारतीय सेना उनके सैन्य उपकरणों और गतिविधियों को नाकाम कर रही है। इस बढ़ते तनाव और सुरक्षा स्थिति को देखते हुए कई सार्वजनिक कार्यक्रमों को स्थगित किया जा रहा है। अब मशहूर गायिका श्रेया घोषाल ने भी अपना म्यूजिक कॉन्सर्ट रद्द करने का फैसला लिया है। उन्होंने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से साझा की।
श्रेया घोषाल ने शो किया रद्द
गायिका श्रेया घोषाल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नोट शेयर किया है। उसमें उन्होंने अपने फैंस को लिखा कि भारी मन से कहना पड़ा रहा है कि 10 मई को मुंबई में आयोजित होने वाला संगीत कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।आपको बताते चलें कि यह शो मुंबई के जियो वर्ल्ड गार्डन, बीकेसी में होने वाला था, जो ऑल हार्ट्स टूर का हिस्सा था।
जल्द होगी नई तारीख की घोषणा
आगे शो के बारे में बताते हुए गायिका ने लिखा, मैं वादा करती हूं कि यह रद्द नहीं किया गया है, बस स्थगित हुआ है। हम जल्द ही फिर से मिलेंगे, पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और एकजुट होकर। जल्द ही नई तारीख की घोषणा की जाएगी और खरीदे गए सभी टिकट आने वाले कॉन्सर्ट के लिए वैध रहेंगे।’
लोगो से की एकजुट रहने की अपील
भारत-पाक तनाव को लेकर श्रेया घोषाल ने संदेश दिया। उन्होंने कहा, ‘यह कॉन्सर्ट मेरे लिए दुनिया का मतलब है और मैं आप सभी के साथ एक शानदार शाम साझा करने के लिए उत्सुक थी। लेकिन एक कलाकार और एक नागरिक के रूप में, मैं इस हालात के दौरान राष्ट्र के साथ एकजुटता में खड़े होने की गहरी जिम्मेदारी महसूस करती हूं।’ इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘कृपया सुरक्षित रहें और एक-दूसरे का ख्याल रखें।’

