जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: इंचौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बहचौला में असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने के उद्देश्य से मुख्य मार्ग पर लगाया गया ग्राम बहचोला का स्वागत बोर्ड उखाड़ कर फेंक दिया। साथ ही, बोर्ड पर बने महापुरुषों के चित्रों पर कालिख पोत दी। जिससे राजपूत समाज में आक्रोश व्याप्त हो गया। इस पर राजपूत समाज के लोग इंचौली थाने पर जमा होकर हंगामा प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए थाना इंचौली में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सोमवार को राजपूत समाज के द्वारा ग्राम बहचौला में मुख्य मार्ग पर स्वागत बोर्ड लगाया गया था। बोर्ड पर महापुरुष पृथ्वीराज चौहान एवं महाराणा प्रताप के चित्र अंकित थे। मंगलवार की सुबह ग्रामीण जब मुख्य मार्ग की ओर गए तो राजपूत समाज के द्वारा लगाया गया बोर्ड उखड़ा पड़ा मिला। साथ ही, बोर्ड पर बने महापुरुषों की तस्वीर पर कालिख भी पोत दी गई। इतना ही नहीं, असामाजिक तत्वों के द्वारा बोर्ड को जलाने की भी कोशिश की। इसकी सूचना जैसे ही गांव में पहुंची तो राजपूत समाज के अलावा अन्य ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव का माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के द्वारा बोर्ड उखाड़ गया है।
इसके बाद राजपूत समाज के लोग इंचौली थाने पर जमा हो गए। उन्होंने थाने पर हंगामा प्रदर्शन करते हुए बोर्ड उखाड़ने तथा महापुरुषों के चित्रों पर कालिख पोतने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। राजपूत समाज की ओर से थाना इंचौली में तहरीर देते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। साथ ही, असामाजिक तत्वों को पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई की मांग की। राजपूत समाज के लोगों ने कहा कि राजपूत समाज इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा इसलिए जल्दी से जल्दी असामाजिक तत्वों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही, जांच पड़ताल की। इंचौली थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि राजपूत समाज की ओर से आई तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

