जनवाणी संवाददाता |
रटौल: चांदीनगर थाना क्षेत्र के सिखेड़ा गांव में नलकूप पर सो रहे एक 60 वर्षीय किसान की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। हत्या को छिपाने के लिए वृद्व के शव को जलाने का भी प्रयास किया गया। सूचना मिलते ही सीओ खेकड़ा और चांदीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। उसके बाद शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
सिखेड़ा निवासी 60 वर्षीय लाला पुत्र बैगराज गांव के समीप ही अपने खेतो पर बने नलकूप की छत पर बने कमरे में रहता था। वहीं नीचे उसका कोल्हू भी है। जिसे उन्होंने ढिकौली निवासी सोहनवीर को किराये पर दे रखा है। बताया कि लाला के चार भाई है। सतपाल, धर्मपाल, जगपाल, सोनू है। जिसमें लाला, जगपाल और सोनू अविवाहित है। लाला पिछले 32 वर्षो से खेत पर बने नलकूप पर लगे कोल्हू पर ही रहता था और खाना पीना खुद बनाता था।ग्रामीणों के अनुसार लाला ने देर शाम तक अपने खेत में धान की फसल लगवायी थी। उसके बाद वह रात में नलकूप की छत पर बने कमरे में सोने चला गया था। जहां देर रात्रि अज्ञात बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी और हत्या के बाद शव को जलाने के लिए उसके बेड़ मे आग लगा दी।
जिससे बेड़ का एक हिस्सा और लाला के पैर झुलसे हुए मिले। सुबह जब ढिकौली निवासी सोनवीर चाय लेकर नलकूप पर पहुंचा तो उसने लाला को आवाज लगायी जब वह नहीं बोला तो वह बांस की सीडी के साहरे नलकूप की छत पर पहुंचा तो उसे कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया। उसने तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी और आग को बुझाया।इसकी सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सूचना मिलते ही चॉदीनगर पुलिस और खेकड़ा सीओ रोहन चौरसिया मौके पर पहुंचे और फॉरेसिंक टीम भी मौके पर पहुंच गयी।पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।

