नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। राजस्थान के चुरू जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सैन्य हादसा हुआ। रतनगढ़ तहसील के भानुदा गांव के पास भारतीय वायुसेना का एक जगुआर फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भयावह हादसे में दो नागरिकों की मौत की पुष्टि हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह आसमान में एक तेज आवाज गूंजी, जिसके कुछ ही मिनटों बाद खेतों की ओर आग की लपटें और धुएं के बादल उठते देखे गए। ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो वहां विमान का मलबा और जलती हुई जमीन का दृश्य सामने था। हादसे में मारे गए दोनों लोगों की पहचान की प्रक्रिया भारतीय वायुसेना और जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है।
क्रेश के बाद हुआ तेज धमाका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव के पास के खेतों में विमान गिरने से जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे के तुरंत बाद खेतों में आग लग गई। गांव के लोग आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े और अपने स्तर पर राहत का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि विमान एक पेड़ पर गिरा, जिससे वह पूरी तरह जलकर राख हो गया। साथ ही आसपास की झाड़ियां और फसल भी आग की चपेट में आ गईं।
मौके के लिए रवाना पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई। चूरू जिले के कलेक्टर अभिषेक सुराना, पुलिस अधीक्षक जय यादव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। सेना की रेस्क्यू टीम भी तुरंत हरकत में आ गई और घटनास्थल को घेर लिया गया है ताकि मलबे की ठीक से जांच की जा सके और सबूतों को सुरक्षित रखा जा सके। अभी तक मलबे से दो शव बरामद किए गए हैं। इन शवों की पहचान की प्रक्रिया सेना और जिला प्रशासन की ओर से की जा रही है। फिलहाल सेना ने इलाके को सील कर दिया है। जगुआर फाइटर जेट भारतीय वायुसेना का एक प्रमुख लड़ाकू विमान है, जिसका इस्तेमाल ज्यादातर ग्राउंड अटैक और ट्रेनिंग मिशनों में किया जाता है।

