Sunday, March 29, 2026
- Advertisement -

Meerut News: अलकायदा आतंकी जीशान की कुंडली खंगालने में जुटी पुलिस, आतंकी कनेक्शन की गांव में चर्चा

जनवाणी टीम

मेरठ/मुंडाली: गुजरात एटीएस ने अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (एक्यूआईएस) से जुड़े एक खतरनाक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए संदिग्ध चार आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मेरठ जनपद के गांव ललियाना का एक युवक भी शामिल है। युवक नोएडा में एक मोबाइल शॉफ में कार्य करता था। पुलिस युवक की कुंडली खंगालने में जुट गई है।

बुधवार को गुजरात एटीएस ने अहमदाबाद में एक ऑप्रेशन के तहत चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया। एटीएस का दावा है कि गिरफ्तार आतंकी दिल्ली, अहमदाबाद, मोड़ासा तथा यूपी के नोएडा के निवासी हैं। एटीएस के डीआईजी सुनील जोशी ने बताया कि जून, 2023 में पोरबंदर से गिरफ्तार हुए संदिग्ध आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ खुरासन प्रांत (आईएसकेपी) से जुड़े हुए थे। ये आतंकी भारतीय नकली करेंसी से जुड़े मामलों में भी संलिप्त थे। अल-कायदा से जुड़ने के बाद इनकी सोच कट्टरपंथी हो गई थी। ये व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए एक्टिव थे और दूसरों को भी अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रहे थे।

एटीएस की इन पर लंबे समय से नजर थी। पुख्ता सबूत जुटाने के बाद चारों को गिरफ्तार किया गया। गुजरात एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए अलकायदा आतंकियों में मेरठ जनपद के थाना किठौर थाना क्षेत्र के गांव ललियाना निवासी जीशान पुत्र आसिफ अली भी शामिल हैं। जीशान लंबे समय से सेक्टर-63 नोएडा में रह रहा था। जीशान के अलावा दिल्ली के फरासखाना निवासी मोहम्मद फैक पुत्र मोहम्मद रिजवान, अहमदाबाद निवासी मोहम्मद फरदीन पुत्र मोहम्मद रईस तथा भाईवाड़ा मोड़ासा निवासी सेफुल्ला कुरैशी पुत्र मोहम्मद रफीक शामिल हैं।

…जब पिता से मांगी दस लाख की रंगदारी

ग्राम ललियान एक चर्चित गांव है। कई ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जीशान अली जब भी गांव में आता था तो वह हर वक्त मोबाइल फोन पर आॅनलाइन गेम खेलने में व्यस्त रहता था। उसको अक्सर इस्लाम परस्त तथा कटरपंथी विचारधारा की वीडियो देखते हुए देखा जाता था। गत वर्ष मोबाइल गेम में मोटी रकम लगाने के लिए उसने षडयंत्र के तहत खुद के अगवा होने का षड़यंत्र रचकर पिता से 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। लेकिन जल्द ही राज खुल गया। इसके बाद पिता ने जीशान को बेदखल कर दिया। बेदखली के बाद जीशान घर नहीं लौटा है। जीशान को गुजरात एटीएस ने नोएडा सेक्टर-63 के छिजारसी में सैनिक कम्युनिकेशन मोबाइल शॉप से गिरफ्तार किया है। एक महीना पहले मोबाइल रिपेयरिंग सीखने के बहाने वह दुकान पर गया था। शॉप स्वामी ने बताया कि जीशान रिपेयरिंग के बजाए मोबाइल पर गेम खेलने और दूसरी गतिविधियों में लिप्त रहता था।

इंटर पास जीशान ने पिता की डांट पर छोड़ा घर

गांव ललियाना निवासी आसिफ पास के गांव शौंदत में इलेक्ट्रिक सामान की दुकान करता है। उसके चार बेटे फैसल, सुहेल, रोहिल और जीशान हैं। जीशान सबसे छोटा है। सरधना स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय सरधना से इंटरमीडिएट करने के बाद पिता ने उसे इलेक्ट्रिक सामान की दुकान करा दी। सोसाइटी सही न होने पर जब पिता ने डांटा तो वह घर छोड़ भागा। जीशान की छोटी बहन मिस्बाह ने बताया कि बड़ा भाई सुहेल विवाहित हैं। फैसल ने कोर्ट मैरिज की है। रोहिल व जीशान अविवाहित हैं। तीन भाई मकानों में टाइल्स लगाने का काम करते हैं। चार बहनों में बड़ी हिना की शादी शौंदत व रुबीना की खंद्रावली हुई है। महविश व मिस्बाह अविवाहित हैं। जीशान की गिरफ्तारी का पता चलने के बाद से मां मोहसिना परेशान है।

ताया से तो नही जुड़े आतंकी कनेक्शन

ग्रामीण स्पष्ट कहते हैं कि जीशान के अलकायदा की ओसामा ब्रिगेड से कनेक्शन हैं या नहीं वें नहीं जानते। मगर उसके ताया रियासत अली गाजीपुर मंडी के चेयरमैन रहे हैं। रियासत अली ने गांव में एक खानकाह बनवाई हुई है जिसमें विदेशी फंडिंग होती है। पिछले दिनों विदेशी फंडिंग के सिलसिले में गुजरात एटीएस ने सलीम नाम के व्यक्ति को पकड़ा था। तब रियासत से उसका कनेक्शन सामने आया था। बकौल ग्रामीण उस वक्त गुजरात एटीएस ललियाना आई थी।

जीशान के घर खुफिया विभाग का डेरा

गुजरात एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए जीशान अली के बारे में जानकारी जुटाने के लिए किठौर थाना पुलिस के अलावा एलआईयू तथा आईबी जुट गई। अब तक की जांच में पता चला कि जीशान के खिलाफ किठौर थाने में कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। वह लंबे समय से नोएडा में रहकर रहा है। समय-समय पर वह घर आता है तो परिजनों को नोएडा में फैक्ट्री में कार्य करने की जानकारी ही देता था। इससे अधिक परिजन भी जीशान के बारे में कुछ नहीं बता पाए हैं। जीशान स्थानीय स्तर पर किन लोगों के संपर्क में था खुफिया विभाग उसकी कुंडली खंगाल रही है।

गुजरात एटीएस द्वारा आतंकी गतिविधियों में गिरफ्तार किए गए चार संदिग्ध आतंकियों में एक मेरठ जनपद के गांव ललियाना का जीशान अली भी शामिल है। जीशान के आपराधिक इतिहास और उसके किन लोगों से संपर्क रहे हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

-कलानिधि नैथानी, डीआईजी, मेरठ रेंज

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

भविष्य की सुपरस्टार हैं आयशा खान

एक्ट्रेस आयशा खान ने साल 2025 में फिल्म 'जाट'...

सेल्फ ऑब्सेशन के लिए जानी जाती हैं उर्वशी रौतेला

बॉलीवुड से लेकर इंटरनेशनल फैशन और ग्लैमर इंडस्ट्री तक...

मनोरंजन की गिरावट और मौन सेंसर बोर्ड

अजय जैन 'विकल्प' 'कृत्रिम बुद्धिमत्ता' के दौर में इन दिनों...

फरेब लाल का एआई और ठगी गई जनता

रामपुर गांव के आधुनिकतावादी 'फरेब लाल' ने जब इस...

भविष्य की रोशनी का वैश्विक संकल्प

प्रकृति और मनुष्य का रिश्ता आदिकाल से एक अटूट...
spot_imgspot_img