जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मतदाता अधिकार यात्रा का आज तीसरा दिन है। मंगलवार सुबह उन्होंने गया के रसलपुर गांव से अपनी यात्रा की शुरुआत की और नवादा होते हुए नालंदा व शेखपुरा के लिए रवाना हुए। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। सड़क किनारे खड़े हजारों समर्थकों ने नारों और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
हनुमान मंदिर में की पूजा, नवादा में प्रवेश
यात्रा की शुरुआत से पहले राहुल गांधी ने गया जिले के वजीरगंज प्रखंड स्थित एक हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे जमुवाआ बाजार के रास्ते नवादा जिले में दाखिल हुए। कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष उमैद खान उर्फ टीका खान ने बताया कि राहुल गांधी की यात्रा को जिस जनसमर्थन और उत्साह के साथ जनता ने स्वीकार किया है, वह सत्ता पक्ष की वोटर सूची से नाम काटने की साजिश के खिलाफ जनता की जागरूकता को दर्शाता है।
नालंदा के सैदपुर में स्वागत समारोह
राहुल गांधी का काफिला नवादा से होकर खराट मोड़ के रास्ते नालंदा की सीमा में प्रवेश करेगा। पहले स्वागत कार्यक्रम खराट मोड़ पर तय था, लेकिन अब यह सैदपुर स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा। यहां तेजस्वी यादव, दीपांकर भट्टाचार्य, मुकेश सहनी और INDIA गठबंधन के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। नालंदा जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश प्रसाद अकेला ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे दोपहर 2 बजे तक सैदपुर स्कूल मैदान पहुंचें।
बरबीघा में जनसभा को करेंगे संबोधित
सैदपुर से यात्रा आगे बढ़कर वारसलीगंज और शेखोपुरसराय होते हुए शेखपुरा जिले के बरबीघा पहुंचेगी, जहां राहुल गांधी एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद यात्रा नालंदा के सरमेरा, रहुई, भागन बीघा और हरनौत के रास्ते पटना की ओर बढ़ेगी।
जनता में उत्साह, विपक्ष दिखा एकजुट
इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ तेजस्वी यादव की मौजूदगी और INDIA गठबंधन के अन्य नेताओं की सक्रिय भागीदारी से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि विपक्ष मतदाता अधिकारों को लेकर एकजुटता दिखा रहा है। कांग्रेस और राजद नेताओं का दावा है कि बिहार की जनता अपने वोट के अधिकार को लेकर जागरूक हो रही है, और यह यात्रा उसी आवाज को मजबूत कर रही है।

