जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: कोतवाली देहात पुलिस ने नाबालिग के अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि मामला 15 अगस्त 2025 का है, जब वादी ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि ग्राम घोघरेकी निवासी आरिश पुत्र साजिद उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। इस संबंध में कोतवाली देहात पर मुकदमा धारा 137(2)/61(2) बीएनएस में दर्ज किया गया। घटना का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने तत्काल अपहृता की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कपिल देव ने पुलिस टीम के साथ अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया। विवेचना के आधार पर मुकदमे में धारा 64(1) बीएनएस एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास से नाबालिग के अपहरण के आरोपी आरिश पुत्र साजिद निवासी ग्राम घोघरेकी कोतवाली देहात को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर समय से न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

