नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। हमारा पड़ोसी देश नेपाल इस समय गहरे संकट से गुजर रहा है। सरकार द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगाया गया बैन देश में भारी विरोध का कारण बना हुआ है। आंदोलन के दौरान कई लोगों की मौत हो चुकी है और राजधानी काठमांडू समेत कई जिलों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। इसी बीच नेपाल से ताल्लुक रखने वाली बॉलीवुड एक्ट्रेस मनीषा कोइराला ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मनीषा ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या लिखा।
मनीषा कोइराला ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट की शेयर
अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने एक खून से सने हुए सफेद जूते की तस्वीर शेयर की है। ये मात्र फोटो नहीं है, बल्कि नेपाल में हो रही हिंसा का एक सबूत है, जो काफी भयावह प्रतीत हो रहा है।
मनीषा कोइराला ने कटाक्ष करने वाला कैप्शन दिया
इस पोस्ट के साथ मनीषा कोइराला ने कटाक्ष करने वाला कैप्शन दिया है। उन्होंने नेपाली भाषा में लिखा, ‘आजको दिन नेपालका लागि कालो दिन हो- जब जनताको आवाज, भ्रष्टाचारविरुद्धको आक्रोश र न्यायको मागलाई गोलीले जवाफ दिइयो।’ इसका अर्थ हुआ कि आज नेपाल के लिए एक काला दिन है- जब लोगों की आवाज, भ्रष्टाचार के खिलाफ आक्रोश और न्याय की मांग का जवाब गोलियों से दिया जाता है।
ये विरोध आखिर क्यों हो रहा है?
नेपाल देश में ये आंदोलन इसलिए हो रहा है, क्योंकि नेपाल की ओली सरकार ने फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और ट्विटर पर बैन लगा दिया है। हालांकि सरकार ने ये कदम सुरक्षा का हवाला देते हुए उठाया। अब इसे लेकर नागरिकों द्वारा भारी विरोध किया जा रहा है, जिसमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है। हिंसा के बाद स्थानीय प्रशासन ने नेपाल की राजधानी के कई हिस्सों में कर्फ्यू लगा दिया है। काठमांडू के अलावा, ललितपुर जिले, पोखरा, बुटवल और सुनसराय जिले के इटाहारी में भी कर्फ्यू के आदेश जारी किए गए।

