नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग के निधन की खबर से पूरे राज्य और संगीत जगत में शोक की लहर है। इस बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा लगातार सिंगापुर के अधिकारियों से संपर्क में हैं, जहां जुबीन गर्ग का निधन हुआ था। मुख्यमंत्री ने बताया कि जुबीन गर्ग का पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है और अब उनका शव भारतीय अधिकारियों को सौंपा जा रहा है। इसके बाद जल्द ही पार्थिव शरीर भारत लाया जाएगा।
सीएम ने जानकारी देते हुए बताया
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया, ‘हमारे प्रिय ज़ुबीन गर्ग का पोस्टमार्टम सिंगापुर में पूरा हो गया है। अब उनके पार्थिव शरीर को भारतीय दूतावास के अधिकारियों की उपस्थिति में उनके साथ आई टीम शेखर ज्योति गोस्वामी, संदीपन गर्ग और सिद्धार्थ शर्मा (प्रबंधक) को सौंपा जा रहा है।’
बिना लाइफ जैकेट के तैरने गए थे गायक
इससे पहले सिंगर की मौत की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री जुबीन गर्ग के परिवार से मिलने उनके घर भी पहुंचे थे। वहां उन्होंने बातचीत में बताया था कि गायक बिना लाइफ जैकेट के तैरने गए थे। सिंगर समेत कुल 18 लोग नौका यात्रा पर गए थे। इसके कुछ देर बाद जुबीन का शव समुद्र में तैरते हुए पाया गया। लाइफ गार्ड्स ने उन्हें तुरंत सीपीआर भी दिया। फिर उन्हें सिंगापुर जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
अंतिम दर्शन के लिए सरुसजाई स्टेडियम में रखा जाएगा शव
सीएम बिस्वा ने यह भी बताया था कि गायक के पार्थिव शरीर को लोगों के अंतिम दर्शन के लिए सरुसजाई स्टेडियम में रखा जाएगा। साथ ही बोले कि गायक के पार्थिव शरीर के आने के बाद अन्य सभी व्यवस्थाएं की जाएंगी। वहीं दिवंगत गायक के परिवार ने कहा कि जुबीन गर्ग राज्य के लोगों के हैं, इसलिए वे ही तय करेंगे कि उनका अंतिम संस्कार कैसे किया जाएगा

