जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना नागल मिशन शक्ति केन्द्र की महिला उपनिरीक्षक सुमन यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम दंघेड़ा के जंगल में गोकशी का प्रयास कर रहे बदमाशों से मुठभेड़ की। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि तीन अन्य बदमाशों को कॉम्बिंग कर गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से तमंचा, कारतूस, अवैध छुरे, गोकशी के उपकरण और एक जीवित गोवंश बरामद हुआ।यह घटना 24/25 सितंबर 2025 की रात्रि की है। थाना नागल की महिला उपनिरीक्षक सुमन यादव अपनी पुलिस टीम के साथ सिड़की चौकी क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति ग्राम दंघेड़ा के जंगल और खेतों में गोकशी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो खेतों में जानवर की आवाज सुनाई दी।
पुलिस ने आगे बढ़कर देखा कि कुछ व्यक्ति हाथों में छुरे लिए गोकशी का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तीन अन्य बदमाशों को घेराबंदी कर दबोच लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।गिरफ्तार बदमाशों की पहचान जाहिद पुत्र शाहिद (घायल), साजिद पुत्र मुनफैद, महकार पुत्र फरकान और राशिद पुत्र इरफान निवासीगण ग्राम दनियालपुर उर्फ नौजली थाना नागल, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस, दो अवैध छुरे, एक कुल्हाड़ी, दो छुरे, रस्सी तथा अन्य उपकरण बरामद किए। इसके अलावा मौके से एक जिंदा गोवंश भी सुरक्षित बरामद हुआ।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घायल आरोपी जाहिद के विरुद्ध पहले से ही गोकशी, धोखाधड़ी, मारपीट और गाली-गलौज के चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2011 का गौवध अधिनियम का मुकदमा, वर्ष 2016 के दो धोखाधड़ी व आपराधिक विश्वासघात के मुकदमे और वर्ष 2022 का मारपीट व गाली-गलौज का मुकदमा शामिल है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे जंगलों में घूमने वाले आवारा पशुओं को पकड़कर गन्ने के खेतों में ले जाकर गोकशी करते हैं। घटना की रात भी वे एक बछड़े की गोकशी करने वाले थे, तभी पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर दबोच लिया।गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना नागल पर मुकदमा अपराध संख्या 300/25 धारा 109 (1) बीएनएस, धारा 3/5/8 गौवध अधिनियम एवं धारा 3/4/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार बदमाशों को समय से न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।इस कार्रवाई में थाना नागल के प्रभारी निरीक्षक रमेश चन्द्र सिंह, महिला उपनिरीक्षक सुमन यादव, उपनिरीक्षक रवि कुमार, उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, हेड कांस्टेबल राहुल शर्मा, कांस्टेबल विक्रांत कुमार और कांस्टेबल कृष्णगोपाल शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने इस साहसिक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना की है।

