जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली:अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ नवंबर 2025 में प्रस्तावित त्रिकोणीय टी20 सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया है। यह निर्णय पाकिस्तान द्वारा अफगान सीमा क्षेत्र में किए गए हवाई हमले के बाद लिया गया, जिसमें तीन युवा अफगान क्रिकेटरों समेत आठ नागरिकों की मौत हो गई।
हमला पक्तिका प्रांत में, शहीद हुए युवा क्रिकेटर
बताया गया है कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के उरगुन और बरमल जिलों में शुक्रवार को हवाई हमले किए। इस हमले में दो बच्चों और तीन क्रिकेटरों – कबीर, सिबघतुल्लाह और हारून – की मौत हो गई। ये तीनों खिलाड़ी शराना में एक फ्रेंडली क्रिकेट मैच खेलकर लौट रहे थे, जब हमला हुआ।
ACB का आधिकारिक बयान?
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने हमले को “कायराना” और “मानवता के खिलाफ” करार देते हुए कहा “अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड उन बहादुर क्रिकेटरों की शहादत पर गहरा शोक प्रकट करता है, जिन्हें पाकिस्तानी शासन द्वारा निशाना बनाया गया। उनके बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने देंगे।”
ACB ने आगे कहा कि यह घटना अफगान खेल जगत के लिए “अपूरणीय क्षति” है और इसी के मद्देनज़र बोर्ड ने त्रिकोणीय सीरीज से हटने का निर्णय लिया है।
राशिद खान, मोहम्मद नबी और फारूकी ने दी प्रतिक्रिया
इस घटना ने अफगान क्रिकेटरों को गहरा झकझोर दिया है..
राशिद खान ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा “यह हमला अमानवीय और क्रूर है। बच्चों और खिलाड़ियों को निशाना बनाना मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन है। मैं ACB के फैसले का पूरा समर्थन करता हूं।”
I am deeply saddened by the loss of civilian lives in the recent Pakistani aerial strikes on Afghanistan. A tragedy that claimed the lives of women, children, and aspiring young cricketers who dreamed of representing their nation on the world stage.
— Rashid Khan (@rashidkhan_19) October 17, 2025
It is absolutely immoral and…
मोहम्मद नबी ने कहा “यह केवल पक्तिका नहीं, पूरे अफगान क्रिकेट परिवार की त्रासदी है। मेरा दिल टूट गया है।”
फजलहक फारूकी ने हमले को “अक्षम्य अपराध” बताया और शहीदों की आत्मा की शांति के लिए दुआ की।
पीसीबी और आईसीसी पर दबाव
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को पत्र लिखकर कहा था कि अफगानिस्तान के हटने की स्थिति में वैकल्पिक योजना तैयार रहे। अब यह देखना होगा कि पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ तीसरी टीम कौन होगी — विकल्प के रूप में बांग्लादेश या ज़िम्बाब्वे के नाम सामने आ सकते हैं।
सीमा पर तनाव, टूटी शांति की डोर
यह हमला ऐसे समय पर हुआ है जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा विवाद चरम पर है। हाल ही में हुए एक दो दिवसीय युद्धविराम के बाद यह हमला शांति प्रयासों को झटका देने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तालिबान विदेश मंत्री की भारत यात्रा के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया था।
त्रिकोणीय सीरीज का भविष्य अधर में
नवंबर 17 से 29 तक रावलपिंडी और लाहौर में प्रस्तावित टी20 त्रिकोणीय श्रृंखला में अब अफगानिस्तान की जगह कौन लेगा, इस पर जल्द ही फैसला होगा। हालांकि, इस दुखद घटना ने क्रिकेट से कहीं आगे जाकर दोनों देशों के आपसी रिश्तों और खेल कूटनीति को गंभीर झटका दिया है।
क्रिकेटर कबीर, सिबघतुल्लाह और हारून को श्रद्धांजलि
अफगान क्रिकेट ने अपने होनहार सितारे खोए हैं। पूरा खेल जगत इस दुख की घड़ी में अफगानिस्तान के साथ खड़ा है।

