नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री रवीना टंडन आज अपना 53वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर उनके फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रवीना अब जल्द ही तमिल सुपरस्टार सूर्या के साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाली हैं। वह सूर्या की आगामी फिल्म ‘सूर्या 46’ में अहम भूमिका निभाने जा रही हैं। फिल्म के मेकर्स ने आज सोशल मीडिया पर इस बात की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने रवीना टंडन का फिल्म की टीम में स्वागत करते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।
मेकर्स ने रवीना का पोस्टर किया शेयर
फिल्म के मेकर्स की ओर से सोशल मीडिया पर रवीना को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही फिल्म में उनका स्वागत किया गया। मेकर्स ने रवीना की एक तस्वीर के साथ हैप्पी बर्थडे लिखा वाला उनका एक पोस्टर शेयर किया। इसके साथ ही कैप्शन में लिखा गया, ‘टीम ‘सूर्या 46’ की ओर से सदाबहार रवीना टंडन को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपको टीम में पाकर बहुत खुशी हुई और आगे के शानदार सफर का बेसब्री से इंतजार है।’
फिल्म की शूटिंग जून में हुई थी शुरू
इससे पहले जून में प्रोडक्शन हाउस ने शूटिंग शुरू होने के मौके पर सूर्या का एक सेमी-फॉर्मल लुक वाला पोस्टर शेयर किया था। कैप्शन में लिखा था, ‘उत्सव, भावना और मनोरंजन की ओर पहला कदम। ‘सूर्या 46’ की शूटिंग शुरू।’ इसके बाद से ही फैंस इस फिल्म के लिए उत्सुक हैं।
फिल्म में रवीना टंडन की एंट्री
नागा वामसी द्वारा सिथारा एंटरटेनमेंट्स के तहत निर्मित इस फिल्म का निर्देशन वेंकी अटलुरी ने किया है। फिलहाल फिल्म का नाम ‘सूर्या 46’ बताया जा रहा है। इसमें राधिका सरथकुमार और ममिथा बैजू भी हैं। अब फिल्म में रवीना टंडन की एंट्री से बॉलीवुड फैंस भी इस फिल्म के लिए उत्साहित हैं।

