जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नगर आयुक्त मनीष बंसल ने वार्ड-16, 32 व 58 की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्ड-32 में शर्मा नगर में सेंट लुक्स अस्पताल को जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह कूड़े के ढेर देखे गये तथा मुख्य मार्ग पर समुचित सफाई व्यवस्था नहीं मिली। जेल चुंगी से चौधरी चरणसिंह यूनिवर्सिटी रोड पर कई जगह कूड़ा पड़ा हुआ मिला।
यूनिवर्सिटी के सामने फुटपाथ पर झाड़ू नहीं लगी थी तथा डिवाइडर किनारे मिट्टी एकत्रित देखी गई। इसके अतिरिक्त यूनिवर्सिटी की दीवार के किनारे सूखी लकड़ी व झाड़िया पड़ी हुई थी। इस संबंध में क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक अजयशील ने निर्देशित किया गया।
उक्त क्षेत्र की समुचित सफाई व्यवस्था करायी जानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। सोहराब गेट बस डिपो, तेजगढ़ी चौराहे से मेडिकल रोड मुख्य मार्ग पर भी सफाई की समुचित सफाई व्यवस्था नहीं थी। हापुड़ रोड चौराहे से इम्लियान, इंद्राचौक पर कूड़ा पड़ा हुआ मिला, कुछ कर्मचारी ठेले से कूड़ा उठाते हुए मिले, जिसके लिये क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों, कुलदीप सिंह तथा सुरेशचंद को समुचित सफाई व्यवस्था कराये जाने के निर्देश दिये। भ्रमण के दौरान बच्चा पार्क, टाउन हॉल, सूरजकुंड डिपो के पीछे तथा संक्रामक अस्पताल परिसर में स्थित चार रैन बसेरों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के समय बच्चा पार्क व टाउन हॉल में पर्याप्त सुविधायें देखी गयी। संक्रामक रोग अस्पताल तथा सूरजकुंड डिपो रैन बसेरों में समुचित सफाई व्यवस्था नहीं मिली। इस संबंध में सफाई निरीक्षक रवि शेखर को समुचित सफाई व्यवस्था कराये जाने के लिए निर्देशित किया गया।
पहला दिन: 50 वसूली
नगरायुक्त मनीष बंसल की कैंप लगाकर गृहकर, जलकल की वसूली अभियान सफल रहा। लोग इसमें बढ़-चढ़कर पैसा जमा करा रहे हैं। एक दिन में सर्वाधिक गृहकर वसूली का रिकॉर्ड बन गया हैं। कैश काउंटर, कैंपो और चेक के जरिये निगम के खजाने में लगभग 80 लाख रुपये जमा हुए हैं। इससे पहले कभी भी एक दिन में 50 लाख से ज्यादा वसूली नहीं हुई। यह नगर निगम की रिकॉर्ड वसूली हैं। इस प्रयास पर नगरायुक्त ने निगम कर्मियों की पीठ को थपथपाया है।

