जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: यूपी के मथुरा जिले के बलदेव में मंगलवार सुबह 4:30 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण हादसा हुआ। दृश्यता की कमी के कारण सात बसें और तीन छोटी गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद काफी संख्या में यात्री घायल और परेशान हो गए। मौके पर आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड और उच्चाधिकारी पहुंच गए हैं, और घायलों को अस्पताल भेजा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने बताया, “यह भीषण दुर्घटना यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन-127 के पास हुई। गाड़ियां आपस में टकरा गईं और उनमें आग लग गई। मुख्यमंत्री ने तुरंत घटना का संज्ञान लिया और बचाव कार्य तथा मदद के निर्देश दिए। उन्होंने आदेश दिया है कि घायलों को सर्वोत्तम इलाज मुहैया कराया जाए और मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये प्रति परिवार की सहायता दी जाए।”

