जनवाणी संवाददाता |
देवबंद/सहारनपुर: देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव अलीपुरा में अनुसूचित जाति के 14 वर्षीय किशोर मयंक का शव गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। स्वजन ने सहजातीय दंपती समेत पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुटी है।
अलीपुर गांव निवासी रूपचंद का पुत्र मयंक बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह के समय स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान गांव के समीप से गुजार रहे रेलवे ट्रैक पर मयंक का शव पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव पर कई जगह गहरे घांव और चोट के निशान थे।
जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों से जानकारी लेते हुए शव पोस्टमार्टम को भेजा। किशोर के स्वजन ने एक दंपती और उसके पुत्र व पुत्री समेत पांच लोगों पर मयंक को फोन कर घर से बुलाने और मारपीट करते हुए चाकू से गोद कर हत्या कर शव ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
कोतवाली प्रभारी अमरपाल शर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

