जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भोपाल के बैरसिया इलाके में मकर संक्रांति के दिन एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में दोनों वाहनों के 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
राजधानी भोपाल के बैरसिया थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई। इस हादसे में 12 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें 10 लोग लोडिंग वाहन में सवार थे और दो लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में थे। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों और मृतकों का संबंध एक ही परिवार से था, जो मकर संक्रांति के अवसर पर नर्मदापुरम में नर्मदा स्नान करने जा रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलने के बाद बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा, विधायक विष्णु खत्री, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज चौरसिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी रात को अस्पताल पहुंचे और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसा लोडिंग वाहन की तेज रफ्तार के कारण हुआ। हालांकि, घायलों के बयान अभी तक दर्ज नहीं हो पाए हैं, और उनकी स्थिति ठीक होने के बाद बैरसिया पुलिस सभी घायलों के बयान दर्ज करेगी।
बैरसिया थाना प्रभारी ने बताया कि विदिशा जिले के सिरोंज थाना क्षेत्र के रहने वाले एक परिवार के 15 लोग नर्मदापुरम जा रहे थे। गुरुवार की रात, जब श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा लोडिंग वाहन ठाकुर लाल सिंह स्कूल के पास पहुंचा, तब सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद लोडिंग वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन की रफ्तार अधिक होने के कारण वाहन में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस भीषण दुर्घटना के बाद, वाहन के क्षतिग्रस्त होने के कारण कई घायलों और मृतकों के शरीर वाहन के अंदर फंसे हुए थे। कड़ी मशक्कत के बाद इन्हें बाहर निकाला गया।
हादसे में जान गंवाने वाले लोग
थाना प्रभारी ने बताया कि इस भीषण हादसे में जान गंवाने वालों में लक्ष्मीबाई अहिरवार, बबली बाई, हरि बाई, दीपक और मुकेश अहिरवार शामिल हैं।
इलाज करवा रहे घायलों के नाम
अहिरवार परिवार के सूरज, विनीता, पुनीत, मोनिका, महक, नूरी बाई, लल्लू, प्रदीप और ज्योति का बैरसिया अस्पताल में इलाज जारी है। इसके अलावा, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दो लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।

