जनवाणी संवाददाता |
जानीखुर्द: स्थानीय कस्बा जानी पीर के पास अलसुबह कार के अनियंत्रित होने पर पुलिया से टकराने के बाद कार के खाई में पलटने से दो व्यक्तियों की मौत व दो महिला सहित चार व्यक्ति घायल हो गए।घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।बताया गया है कि कार सवार एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे।
स्थानीय थाना क्षेत्र के नंदपुरा गांव निवासी रवि की बहन सोनिया का सोमवार की रात्रि शादी समारोह था। इस शादी समारोह में 48 वर्षीय सुमन पत्नी शेर बहादुर बदलापुर जौनपुर,34 वर्षीय रोहित पुत्र प्रकाश निवासी बहादरपुर खुर्द अमरोहा,शिवम,शेरबहादुर, आयुषी पुत्री सुभाष सिंह व फुलवती पत्नी ललन सिंह शादी समारोह में शरीक होने के लिए आए थे।मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे शादी समारोह में सम्मिलित होकर ये सभी छह व्यक्ति कार मेरठ जा रहे थे। इस परिवार को मेरठ रेलवे स्टेशन से करीब साढ़े छह बजे रेल पकड़नी थी। जानी पीर के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर खाई में जाकर पलट गई। कार के खाई में पलटने के चलते कार सवार रोहित कुमार व श्रीमती सुमन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि शिवम सिंह, शेर बहादुर।
आयुषी सिंह, फूलवती निवासीगण बदलापुर जौनपुर गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।बताया गया है कि घायलों में दो की हालत चिन्ताजनक बनी हुई है।पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों व रिश्तेदारों को दी।पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

