जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। कंपनी ने कहा कि अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। भारत के पास पर्याप्त ईंधन भंडार मौजूद हैं और सप्लाई चेन बिना किसी रुकावट के काम कर रही है।
बीपीसीएल के अनुसार, भारत पेट्रोल और डीजल का नेट एक्सपोर्टर है और कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल व एटीएफ (ATF) का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। कंपनी ने भरोसा दिलाया कि वह पूरी तरह परिचालन में है और निर्बाध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। नागरिकों से कंपनी ने अपील की है कि वे अफवाहों में न आएँ और जरूरत से अधिक ईंधन खरीदने से बचें।
डीलर्स एसोसिएशन का बयान
तेलंगाना पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने भी कहा कि एचपीसीएल, आईओसीएल और बीपीसीएल के पास पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है और सप्लाई चेन सामान्य रूप से संचालित हो रही है। एसोसिएशन ने बताया कि फर्जी खबरों की वजह से लोग पेट्रोल पंपों पर जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं, जिससे कई जगह अस्थायी स्टॉक खत्म होने जैसी स्थिति सामने आई।
संगठन ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अपनी वास्तविक जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें, पैनिक बायिंग से बचें और पेट्रोल या डीजल को डिब्बों में स्टोर न करें। पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ) के नियमों के अनुसार ऐसा करना खतरनाक हो सकता है और आग जैसी दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ा सकता है।

