जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भटियात क्षेत्र के ककीरा में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुजरात से घूमने आए यात्रियों से भरी एक इनोवा क्रिस्टा गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
गाड़ी में चालक सहित 10 लोग सवार
जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब तीन बजे ककीरा-घार मार्ग पर हुआ। उस समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी। बताया जा रहा है कि गाड़ी में चालक सहित कुल 10 लोग सवार थे। सभी यात्री गुजरात के रहने वाले थे और मनाली से डलहाउस घूमने जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए राजकीय चिकित्सकीय महाविद्यालय टांडा भेजा गया है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी जारी है।
मृतकों के नाम
- ललितभाई पतनानी
- ममताबेन ललितभाई पतनानी
- काजल भोपानी
- दियान्श भोपानी
- प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी
- जसवंत कुमार
घायलों के नाम
- मयंक ललितभाई पतनानी
- फोरमबेन मयंक पतनानी
- जियान्श मयंक पतनानी
- प्रियान्शी भोपानी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज बारिश और फिसलन भरी सड़क हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

