जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब सीधे भारत के आम ग्राहकों पर दिखने लगा है। इसी वजह से देश की तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अचानक इजाफा कर दिया है। पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम प्रति लीटर तीन-तीन रुपये बढ़ा दिए गए हैं।
वैश्विक ऊर्जा कीमतों में तेजी का बोझ अब सीधे ग्राहकों पर पड़ रहा है। इसका असर यह हुआ है कि अब आम लोगों को अपनी गाड़ी में तेल भरवाने के लिए पहले से कहीं अधिक पैसे खर्च करने पड़ेंगे। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आखिरी बार वृद्धि अप्रैल 2022 में हुई थी।
दिल्ली में पेट्रोल और डीजल के नए रेट
नई दिल्ली में इस ताजा बढ़ोतरी के बाद आम ग्राहकों की जेब सबसे ज्यादा ढीली होने वाली है। तेल कंपनियों द्वारा तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद:
- पेट्रोल: 97.77 रुपये/लीटर
- डीजल: 90.67 रुपये/लीटर
यह बढ़ोतरी राजधानी के लाखों वाहन चालकों और आम जनता के लिए बड़ा झटका है।
महानगरों में पेट्रोल की भारी बढ़ोतरी
दिल्ली के अलावा अन्य प्रमुख महानगरों में भी पेट्रोल के दामों में तेजी आई है:
- कोलकाता: 3.29 रुपये बढ़कर 108.74 रुपये/लीटर
- मुंबई: 3.14 रुपये बढ़कर 106.68 रुपये/लीटर
- चेन्नई: 2.83 रुपये बढ़कर 103.67 रुपये/लीटर
प्रमुख शहरों में डीजल की नई कीमतें
शहरों में डीजल के दाम भी काफी बढ़ गए हैं:
- कोलकाता: 3.11 रुपये बढ़कर 95.13 रुपये/लीटर
- मुंबई: 3.11 रुपये बढ़कर 93.14 रुपये/लीटर
- चेन्नई: 2.86 रुपये बढ़ाकर 95.25 रुपये/लीटर
सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में सीएनजी के दाम भी 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए गए हैं। नई कीमतें इस प्रकार हैं:
- दिल्ली: 79.09 रुपये/किलो
- नोएडा और गाजियाबाद: 87.70 रुपये/किलो
- मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली: 87.58 रुपये/किलो
- गुरुग्राम: 84.12 रुपये/किलो
- रेवाड़ी: 83.70 रुपये/किलो
- करनाल: 83.43 रुपये/किलो
इस बढ़ोतरी से ऑटो, टैक्सी और निजी वाहनों का खर्च बढ़ेगा, जिसका असर सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।

