जनवाणी संवाददाता ।
बड़गांव: थाना क्षेत्र के गांव महेशपुर के जंगल में शनिवार रात बेखौफ चोरों ने करीब छह किसानों के नलकूपों को निशाना बनाते हुए स्टार्टर, कटआउट, केबल, मोनोब्लाक मोटर और अन्य विद्युत उपकरण चोरी कर लिए। चोरी की इस घटना से क्षेत्र के किसानों में भारी रोष व्याप्त है।
सूचना मिलने पर देवबंद सीओ अभितेष सिंह बड़गांव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल की।रविवार सुबह किसान जब अपने खेतों पर पहुंचे तो नलकूपों के ताले टूटे मिले और सामान गायब था। चोरों ने सेंध लगाकर किसान साहब सिंह, ओमकैलाश सिंह, नरेन्द्र सिंह, सतपाल सिंह समेत करीब छह किसानों के नलकूपों से स्टार्टर, कटआउट, सबमर्सिबल के केबल, डोरी और अन्य सामान चोरी कर लिया।
पीड़ित किसान ओमकैलाश सिंह और साहब सिंह ने बताया कि सभी नलकूपों से करीब एक लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी हुआ है। किसानों के अनुसार चोरों ने पंद्रह फीट गहरे गड्ढे में रखी मोनोब्लाक मोटर को बाहर निकालकर उससे तांबे के तार तक निकाल लिए, जिससे घटना में शामिल बदमाशों की पेशेवर तरीके से चोरी करने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के किसानों की भीड़ मौके पर जुट गई।
किसानों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार नलकूपों से चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन अब तक चोर गिरोह पर अंकुश नहीं लग पाया है। किसानों ने जल्द खुलासे और सख्त कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि इससे पहले भी दल्हेड़ी, चंदपुर, शब्बीरपुर, शिमलाना और बहेड़ा समेत कई गांवों में किसानों के निजी नलकूपों से विद्युत उपकरण चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही चोरियों से किसानों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

