जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने फिल्म निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का 76 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से लिवर संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। जानकारी के अनुसार, तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बीती रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। परिवार और करीबी सूत्रों के मुताबिक, निहलानी का अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे मुंबई के सांता क्रूज श्मशान घाट में किया जाएगा।
कई चर्चित फिल्मों के रहे निर्माता
पहलाज निहलानी हिंदी सिनेमा की एक प्रमुख हस्ती थे। उन्होंने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई सफल फिल्मों का निर्माण किया। उनकी चर्चित फिल्मों में आंखें, अंदाज, तलाश, रंगीला राजा और जूली 2 शामिल हैं। फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उनका योगदान कई दशकों तक फैला रहा।
CBFC अध्यक्ष के रूप में रहे सुर्खियों में
पहलाज निहलानी ने वर्ष 2015 से 2017 तक Central Board of Film Certification (CBFC) के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उनके कार्यकाल के दौरान सेंसरशिप और फिल्म प्रमाणन से जुड़े कई फैसले चर्चा का विषय बने रहे। इसी वजह से वह CBFC के सबसे चर्चित अध्यक्षों में गिने जाते हैं।
1980 के दशक में शुरू किया था फिल्मी सफर
निहलानी ने 1982 में रिलीज हुई हथकड़ी के साथ फिल्म निर्माता के रूप में अपना करियर शुरू किया। इसके बाद उन्होंने आंधी-तूफान और इल्जाम जैसी फिल्मों का निर्माण किया। फिल्म ‘इल्जाम’ खास तौर पर इसलिए याद की जाती है क्योंकि इसी फिल्म से अभिनेता गोविंदा ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी।
पहलाज निहलानी के निधन से हिंदी फिल्म उद्योग में शोक की लहर है। फिल्म जगत से जुड़े कई कलाकारों और हस्तियों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।

