जनवाणी संवाददाता ।
सहारनपुर: गाय को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग को लेकर निकाली जा रही 81 दिवसीय ‘गविद्धि गौ रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा’ के तहत ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का सहारनपुर पहुंचने पर विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की ओर से स्वागत किया गया।
चकराता रोड पर आयोजित कार्यक्रम में हिंदू और मुस्लिम समाज के लोगों ने भाग लिया तथा गौ संरक्षण और जनजागरण अभियान को समर्थन देने की बात कही।कार्यक्रम में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी और कांग्रेस नेता तथा डीपीसी चेयरमैन जावेद साबरी के नेतृत्व में धर्मयुद्ध यात्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान शंकराचार्य ने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य गाय को राष्ट्रमाता घोषित कराने के लिए जनजागरण करना है।
उन्होंने लोगों से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने और जनमत के माध्यम से सरकार तक अपनी भावनाएं पहुंचाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान शंकराचार्य ने मनीष त्यागी और जावेद साबरी को अपनी मुहिम का प्रतिनिधि घोषित किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न समुदायों की सहभागिता सामाजिक एकता का प्रतीक है और जनसमर्थन से ही किसी भी जनआंदोलन को मजबूती मिलती है।
राम मंदिर से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में शंकराचार्य ने कहा कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने लोगों से गौ संरक्षण और जनजागरण अभियान में सहयोग करने की अपील भी की।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली, कांग्रेस सेवा दल जिलाध्यक्ष इमरान कुरेशी, पार्षद अहमद मलिक, कलीम अहमद, नदीम, अब्दुल खालिक, परवेज अहमद, नौशाद खान, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी, सत्यम भूरियन सैनी, रवि सैनी, हरिओम मिश्रा, मयंक शर्मा, सोनू पठान, गुलशेर अल्वी, विवेक खान शर्मा, अमित शर्मा, संजय यादव, नीरज कपिल, यूनुस अंसारी, फिरोज अली, खालिद मलिक, इमरान मलिक, सपा नेत्री रूही अंजुम, जिकरिया खान, अब्दुल हफीज, इंडिया बहार खान, कासिफ अली, इशान सांबरी, नफीस थानवी, आरिफ खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान यात्रा के उद्देश्यों पर चर्चा की गई और गौ संरक्षण से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

