जनवाणी संवाददाता ।
सहारनपुर: श्री कृष्णा राम नाटक क्लब, जुबली पार्क रामलीला समिति ने इस वर्ष की रामलीला के लिए वरिष्ठ रंगकर्मी सुरेश निझावन को मुख्य निर्देशक नियुक्त किया है। समिति के प्रधान महेंद्र तनेजा तथा पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लेते हुए उन्हें रामलीला के सफल मंचन की जिम्मेदारी सौंपी। नियुक्ति के बाद समिति के सदस्यों ने भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त कर आगामी आयोजन की तैयारियों का शुभारंभ किया।समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में इस वर्ष भगवान राम की भूमिका के लिए प्रसिद्ध भागवत आचार्य एवं कथावाचक उद्धव कौंदड के नाम की घोषणा की गई।
समिति के पदाधिकारी उनके निवास पर पहुंचे और उन्हें भगवान राम का किरदार निभाने का आग्रह किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। इस अवसर पर उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा मिष्ठान खिलाकर शुभकामनाएं दी गईं।मुख्य निर्देशक नियुक्त होने पर सुरेश निझावन ने कहा कि श्री कृष्णा राम नाटक क्लब, जुबली पार्क रामलीला के मंच से निर्देशक के रूप में सेवा करने का अवसर उनके लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि समिति के प्रधान और सभी पदाधिकारियों ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसके लिए आभारी हैं और पूरी निष्ठा के साथ इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।गौरतलब है कि सुरेश निझावन पिछले लगभग चार दशकों से रामलीला मंचन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने मेघनाथ, बाली, महाराज दशरथ और रावण जैसे अनेक महत्वपूर्ण पात्रों का प्रभावशाली अभिनय कर दर्शकों के बीच विशेष पहचान बनाई है। रामलीला प्रेमियों का मानना है कि उनके अभिनय ने मंचन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ आगामी रामलीला के सफल आयोजन की कामना की गई। इस मौके पर समिति के प्रधान महेंद्र तनेजा, पंजाबी सभा के अध्यक्ष पाली कालरा, संयोजक रम्मी धवन, कोषाध्यक्ष संजय अरोरा, लीला प्रभारी अमित भसीन सहित अनेक पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

