नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। ‘बाहुबली’ फ्रेंचाइजी को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। वीडियो देखने के बाद कई लोगों का मानना है कि ‘बाहुबली 3’ को लेकर जल्द कोई बड़ा ऐलान हो सकता है।
स्टार कास्ट के बयान ने बढ़ाया सस्पेंस
हाल ही में सामने आई डॉक्यूमेंट्री ‘बाहुबली: द टॉर्चबियरर’ के एक क्लिप में प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी नजर आते हैं। बातचीत के दौरान राणा दग्गुबाती कहते हैं, “मुझे नहीं पता कि मुझे यह बात सार्वजनिक रूप से कहनी चाहिए या नहीं… लेकिन मैं जो सोच रहा हूं, वह कह देता हूं। दुनिया शायद अभी तैयार नहीं है, लेकिन ‘बाहुबली’ जरूर आएगी…” इतना कहकर वह रुक जाते हैं।
इसी दौरान प्रभास मुस्कुराते हुए तीन उंगलियां दिखाते हैं। उनका यह इशारा देखते ही वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़ते हैं। बस यहीं से सोशल मीडिया पर ‘बाहुबली 3’ को लेकर अटकलों का दौर तेज हो गया।
वीडियो के आखिर ने बढ़ाया उत्साह
वीडियो के अंत में स्क्रीन पर यह विरासत जारी है लिखा दिखाई देता है। इस एक लाइन ने भी फैंस के बीच नई उम्मीद जगा दी है कि फ्रेंचाइजी की अगली कड़ी पर काम शुरू हो सकता है।
आधिकारिक घोषणा का इंतजार
हालांकि, अब तक फिल्म के निर्माताओं की ओर से ‘बाहुबली 3’ को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि अगर यह प्रोजेक्ट बनता है तो इसे फिल्म, वेब सीरीज या किसी अन्य फॉर्मेट में पेश किया जाएगा। कहानी और शूटिंग को लेकर भी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
‘बाहुबली’ ने बदली भारतीय सिनेमा की तस्वीर
‘बाहुबली’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2015 में रिलीज हुई ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ से हुई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की और भारतीय सिनेमा के लिए नए मानक स्थापित किए। इसके बाद आई ‘बाहुबली: द कन्क्लूजन’ ने सफलता के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए।
फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1,788 करोड़ रुपये का कारोबार किया और आज भी यह भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शुमार है। इसकी भव्यता, दमदार कहानी और शानदार विजुअल्स ने प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी को पैन इंडिया स्टार बना दिया।
अब सभी की नजरें मेकर्स पर टिकी हैं। यह तो आने वाला समय ही बताएगा कि वायरल वीडियो महज एक संकेत था या वास्तव में ‘बाहुबली 3’ की तैयारी शुरू हो चुकी है। लेकिन इतना तय है कि अगर यह फिल्म बनती है, तो यह फैंस के लिए किसी बड़े सिनेमाई उत्सव से कम नहीं होगी।

