जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर के उद्घाटन के बाद से पिछले ढाई वर्षों में अमित शाह एक बार भी भगवान रामलला के दर्शन करने मंदिर नहीं गए।
केजरीवाल ने कहा कि उन्हें पहले इस बात पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन जानकारी की पुष्टि के बाद उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग भगवान राम और राम मंदिर का सबसे अधिक राजनीतिक उल्लेख करते हैं, वे मंदिर बनने के बाद भगवान राम का आशीर्वाद लेने क्यों नहीं गए।
उन्होंने दावा किया कि पिछले 891 दिनों में अमित शाह ने अपने भाषणों और साक्षात्कारों में 42 से अधिक बार राम मंदिर का जिक्र किया और अधिकांश मौकों पर भगवान राम के नाम पर वोट मांगे। केजरीवाल ने कहा कि यदि राम मंदिर का चुनावी मंचों पर उल्लेख करने का समय है, तो भगवान रामलला के दर्शन के लिए भी समय होना चाहिए।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) पर भी सवाल उठाते हुए केजरीवाल ने कहा कि यह जांच केवल दिखावे के लिए की जा रही है। उनका आरोप था कि असली दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वह गुरुवार को एक और प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।
केजरीवाल ने राम भक्तों से अपील करते हुए कहा कि यदि वे चढ़ावे की कथित चोरी के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं, तो सरकार बदलनी होगी। उनका आरोप था कि मौजूदा केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करेगी।
हालांकि, अरविंद केजरीवाल के इन आरोपों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह या भारतीय जनता पार्टी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

