जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गुरुवार सुबह भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। सुबह होते ही आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली। इसके बाद राजधानी के कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। जंतर-मंतर, महात्मा गांधी मार्ग समेत कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में मानसून की एंट्री
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मानसून ने गुरुवार को दिल्ली में दस्तक दे दी। राजधानी में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 27 जून मानी जाती है, लेकिन इस बार इसमें कुछ दिनों की देरी हुई। इससे पहले मानसून मंगलवार को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख तक पहुंच चुका था।
बारिश से तापमान में आई गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार देर रात मंडी हाउस सहित कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान करीब 5.7 डिग्री सेल्सियस कम हो गया।
बुधवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही और धूप-छांव का सिलसिला चलता रहा। सफदरजंग मौसम केंद्र में 0.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अधिकतम आर्द्रता 83 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 48 प्रतिशत दर्ज की गई।
2 से 7 जुलाई तक बदलता रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 7 जुलाई के बीच दिल्ली के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। 2 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 2 जुलाई की देर रात या 3 जुलाई की सुबह से दिखाई देना शुरू हो सकता है। इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में बारिश की संभावना बनी रहेगी।
यलो अलर्ट जारी, गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 2, 3 और 4 जुलाई के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन दिनों हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
अगले कुछ दिन जारी रहेगा बारिश का दौर
मानसून के सक्रिय होने के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट आएगी तथा लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने पहले ही संकेत दिया था कि मानसून अगले दो-तीन दिनों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच जाएगा। हालांकि इस बार मानसून के आगमन में कुछ देरी हुई, लेकिन मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इसे असामान्य विलंब नहीं माना जा रहा है।

