जनवाणी ब्यूरो |
मेरठ: सरूरपुर थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा में शुक्रवार सुबह पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पति ने अपनी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पत्नी निशा चौहान की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति प्रदीप चौहान ने भी खुद को कमरे में बंद कर चाकू से वार कर आत्महत्या का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही कस्बे में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल प्रदीप चौहान को उपचार के लिए मेरठ के अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना पर थाना पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका निशा चौहान के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच प्लॉट को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। इसी विवाद के चलते घटना होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे कस्बा हर्रा में दहशत और शोक का माहौल है। उधर,पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।

