जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) और परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि जेल में उनकी जान को खतरा है। इमरान खान की बहन डॉ. उजमा खान ने दावा किया कि उनके भाई ने उन्हें स्पष्ट रूप से चेतावनी दी थी कि यदि जेल में उन पर जानलेवा हमला होता है, तो इसके लिए पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे।
बिगड़ती सेहत को लेकर PTI चिंतित
इमरान खान वर्ष 2023 से अदियाला जेल में बंद हैं। PTI नेताओं का आरोप है कि उन्हें लंबे समय से इमरान खान से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है और जेल में उन्हें पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। पार्टी का दावा है कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति लगातार खराब हो रही है और उनकी आंखों की रोशनी भी बुरी तरह प्रभावित हुई है।
सरकार को PTI की चेतावनी
PTI नेता और खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहैल अफरीदी ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि इमरान खान को जेल से रिहा नहीं किया गया, तो स्थिति गंभीर रूप ले सकती है। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे मोड़ पर पहुंच सकते हैं जहां इमरान खान की शांति की अपील के बावजूद भी शांति कायम रखना मुश्किल होगा।
अफरीदी ने दावा किया कि वे युवाओं की आंखों में ‘क्रांति की ज्वाला’ देख रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस गुस्से को समय रहते नियंत्रित नहीं किया गया, तो बाद में स्थिति को संभालना बेहद मुश्किल हो सकता है।

