जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बुधवार को संसद भवन परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों से जुड़े मुद्दे को लेकर गृह मंत्री से जवाब मांगते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष का स्पष्ट मत है कि वह अमित शाह का भाषण नहीं सुनना चाहता। उन्होंने कहा कि जब वह ‘हम’ कहते हैं तो उनका मतलब देश की युवा पीढ़ी से है।
‘आदेश दिया तो इस्तीफा दें, नहीं दिया तो भी इस्तीफा दें’
राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि गोलियां चलाने और लाठीचार्ज के आदेश किसने दिए थे। उन्होंने दावा किया कि ये आदेश गृह मंत्रालय से दिए गए थे।
राहुल गांधी ने कहा, “क्या अमित शाह ने आदेश दिए या नहीं? अगर उन्होंने आदेश दिए तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि वे दोषी हैं। अगर उन्होंने आदेश नहीं दिए तो भी उन्हें इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि वे इस पद के योग्य नहीं हैं।” उन्होंने कहा कि देश के छात्र सरकार से नहीं डर रहे हैं और सरकार को उनके सवालों का जवाब देना चाहिए।
‘20 दिनों से संसद में नहीं आ रहे अमित शाह’
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अमित शाह पिछले 20 दिनों से संसद में नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री काफिले के साथ संसद आते हैं और उनके आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस वाहन तैनात रहते हैं।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री को डर है कि कहीं कोई छात्र उनके आवास तक न पहुंच जाए। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री में हिम्मत नहीं है और उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
पत्रकार के सवाल पर भी नाराज हुए राहुल गांधी
मीडिया से बातचीत के दौरान एक पत्रकार ने राहुल गांधी के बीच में सवाल पूछने की कोशिश की, जिस पर वह नाराज हो गए। राहुल गांधी ने पत्रकार से सवाल किया कि क्या वह सत्ता पक्ष के नेताओं को भी इसी तरह बीच में टोकते हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को लगातार टोका जाता है, लेकिन सत्ता पक्ष के नेताओं के सामने पत्रकार सवाल पूछने से क्यों हिचकते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि जब देश के छात्र सरकार से नहीं डर रहे हैं तो पत्रकारों को भी नहीं डरना चाहिए।
अमित शाह ने दिया जवाब, ‘तीन बजे सभी सवालों का जवाब दूंगा’
राहुल गांधी के आरोपों के बीच गृह मंत्री अमित शाह ने भी संसद परिसर में मीडिया से बातचीत की। उन्होंने ‘लापता’ और ‘भाग गए’ जैसे आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि वह संसद सत्र शुरू होने के बाद से लगातार संसद आ रहे हैं और अपने कक्ष में मौजूद रहते हैं।
अमित शाह ने कहा कि विपक्ष दोनों सदनों की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में सरकार चर्चा कैसे कर सकती है।
गृह मंत्री ने कहा, “मैं तीन बजे विपक्ष के सभी सवालों के जवाब दूंगा। मैं आज तीन बजे से कल तीन बजे तक भी बैठने के लिए तैयार हूं। मैं विपक्ष के हर सवाल का जवाब दूंगा और सच सामने आएगा।” उन्होंने कहा कि अब विपक्ष को तय करना है कि वह बातचीत करना चाहता है या फिर संसद में हंगामा करना।

