जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार से अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हुई। पहले दिन हापुड़ जिले के 899 युवाओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में हिस्सा लिया, जिनमें करीब 600 ने दौड़ सफलतापूर्वक पूरी की। गढ़मुक्तेश्वर, धौलाना और हापुड़ तहसील के युवाओं ने दमखम दिखाया। एआरओ मेरठ के अंतर्गत 13 जिलों के 28,100 चयनित अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे।
ऑनलाइन परीक्षा में करीब 89 हजार युवाओं ने हिस्सा लिया था। प्रतिदिन करीब 1200 अभ्यर्थियों को दौड़ में शामिल कराया जाएगा। एक राउंड में 100 युवा दौड़ेंगे और छह मिनट 15 सेकंड में दौड़ पूरी करनी होगी। इसके बाद शारीरिक माप, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा जांच होगी।
रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड और अंबाला रोड स्थित फायर ब्रिगेड कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। फायर ब्रिगेड के पास बैरिकेडिंग कर केवल अभ्यर्थियों को स्टेडियम जाने दिया गया। नगर निगम का गेट बंद रहा और स्टेडियम से गांधी पार्क जाने वाला मार्ग भी बंद कर दिया गया। सहारनपुर के सामान्य ड्यूटी अभ्यर्थियों की भर्ती एक सितंबर को होगी।

