जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: हापुड़, गाजियाबाद, नोएडा और मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद सहारनपुर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सेठ बलदेव दास बाजोरिया जिला अस्पताल में संभावित मरीजों के लिए 11 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है।
संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए मेरठ भेजने की व्यवस्था है। फिलहाल जिले में कोई सक्रिय मामला नहीं है।स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षण तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, शरीर में दर्द और अत्यधिक थकान हैं। सांस लेने में परेशानी या लगातार तेज बुखार होने पर चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
बचाव के लिए हाथ नियमित धोने, खांसते-छींकते समय मुंह ढकने और भीड़ से बचने की सलाह दी गई है। सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

