जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: टीपी नगर थाना क्षेत्र के मलियाना निवासी महिला ने गाड़ी हड़पने का आरोप लगाते हुए सोमवार को एसएसपी से शिकायत की है।
पीड़िता सुदेश पत्नी वेद प्रकाश निवासी 1148 मलियाना, पुठ्ठा रोड ने बताया कि उसने 06 नवंबर 2017 को UP 15 DT 2814 महिंद्रा पिकअप किस्तों पर ली थी, जिसे उसका बेटा संदीप चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। पिछले 5 माह से काम बंद होने से किस्त जमा नहीं हो पाई।
आरोप है कि ब्रह्मपुरी निवासी गाड़ी डीलर नईम अहमद पुत्र शरीफ अहमद निवासी 669 रशीद नगर ने बकाया किस्त जमा कर गाड़ी बेचने और बाकी पैसे लौटाने की बात कहकर 11 अप्रैल 2026 को 5 हजार एडवांस देकर गाड़ी अपने पास रख ली।
21 अगस्त को जब महिला और उसका बेटा गाड़ी के बारे में पूछने गए तो नईम ने एडवांस वापस ले लिया और कहा कि गाड़ी बैंक वाले उठा ले गए। पीड़िता जब बैंक गई तो बैंक ने लिखित में दिया कि उनके पास ऐसी कोई गाड़ी नहीं है। वापस नईम के पास जाने पर उसने गाली-गलौज करते हुए कहा कि गाड़ी नहीं दूंगा, मेरी पुलिस से सेटिंग है।
पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी ने धोखाधड़ी कर गाड़ी किसी अन्य को बेच दी है और उसकी गाड़ी से कोई आपराधिक घटना कर इल्जाम उन पर लगाया जा सकता है।
पीड़िता की तहरीर पर मलियाना चौकी प्रभारी ने पीड़िता को मामला ब्रह्मपुरी का बताते हुए टलका दिया। जिसके बाद पीड़िता ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर इंसाफ की गुहार लगाई और पुलिस से संतुष्ट न होने पर नाराज़गी जताई।
महिला ने एसएसपी से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गाड़ी वापस दिलाने की मांग की है। पीड़िता की तहरीर पर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने थाना टीपी नगर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

