जनवाणी संवाददाता |
कैराना: कांधला रोड पर बृहस्पतिवार रात तेज रफ्तार ईको गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक तनवीर (33) गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव अपने साथ ले गए।
मोहल्ला दरबार कला, तितरवाड़ा चुंगी निवासी तनवीर बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे ईको गाड़ी से कांधला जा रहा था। पुराने सल्फर से आगे अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ईको गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तनवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और शव देखकर कोहराम मच गया। मृतक के पिता नसीम ने बताया कि तनवीर ईको गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। तनवीर के परिवार में दो छोटी बेटियां और एक छोटा बेटा है। कोतवाली प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुरोध पर शव का पंचनामा भरकर उन्हें सौंप दिया गया है।
फोटो

