जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम के करोड़ों यूजर्स को मंगलवार सुबह अचानक तकनीकी परेशानी का सामना करना पड़ा। भारत, अमेरिका और सिंगापुर समेत दुनिया के कई देशों में टेलीग्राम की सेवाएं प्रभावित रहीं। यूजर्स को एप एक्सेस करने, मैसेज भेजने और रिसीव करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
अचानक आए इस आउटेज के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यूजर्स ने टेलीग्राम की सेवाएं बाधित होने की शिकायतें शुरू कर दीं। कई लोगों ने बताया कि एप खोलने में काफी समय लग रहा था, जबकि कुछ यूजर्स के मैसेज डिलीवर नहीं हो रहे थे।
भारत में भी टेलीग्राम की सर्विस प्रभावित
आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में मंगलवार सुबह करीब 8:13 बजे टेलीग्राम डाउन होने की शिकायतों में तेजी देखी गई। इस दौरान 800 से अधिक यूजर्स ने प्लेटफॉर्म के काम नहीं करने की रिपोर्ट की।
भारतीय यूजर्स की शिकायतों में एप एक्सेस न होना, मैसेज भेजने में परेशानी और मैसेज डिलीवर न होने जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं। सुबह के समय आउटेज होने की वजह से निजी बातचीत के साथ-साथ टेलीग्राम का इस्तेमाल करने वाले कई लोगों के कामकाज पर भी असर पड़ा।
अमेरिका और सिंगापुर में भी यूजर्स परेशान
टेलीग्राम का आउटेज भारत तक सीमित नहीं रहा। अमेरिका में भी सोमवार रात करीब 11 बजे यूजर्स को प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं, सिंगापुर में इसका असर और ज्यादा व्यापक नजर आया। स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10:30 बजे के बाद 4,000 से अधिक यूजर्स ने डाउनडिटेक्टर पर टेलीग्राम की सेवाएं बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई।
क्यों डाउन हुआ Telegram?
फिलहाल टेलीग्राम की ओर से इस तकनीकी समस्या के सटीक कारण को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अलग-अलग देशों में एक साथ सेवाएं प्रभावित होने से सर्वर, नेटवर्क या किसी तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, कंपनी की आधिकारिक पुष्टि के बिना आउटेज की वजह को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
यूजर्स अब टेलीग्राम की ओर से आधिकारिक अपडेट का इंतजार कर रहे हैं। अगर समस्या सर्वर या नेटवर्क स्तर की है तो कंपनी के तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा इसे ठीक किए जाने के बाद सेवाएं सामान्य होने की उम्मीद है।

