- सड़क हादसे में घर का चराग बुझने से परिवार में मचा कोहराम
जनवाणी संवाददाता |
खरखौदा: मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव लालपुर के निकट खरखौदा बाइपास कट पर ट्रैक्टर-ट्रॉली व कार की भिड़ंत हो गई। जिसमें कार सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। प्रदीप उर्फ पप्पन (32) पुत्र रकम सिंह निवासी गांव सेतकुआं रविवार की देर रात कार से फफूंड़ा रिश्तेदारी में जा रहा था।
इस दौरान जैसे ही वह मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव लालपुर के निकट खरखौदा बाइपास कट पर पहुंचा तो सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। जिसमें कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा क्षतिग्रस्त कार में फंसे युवक को बामुश्किल बाहर निकालकर सीएचसी पर पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना में ट्रैक्टर चालक मौके से गायब हो गया। पप्पन की मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों के अनुसार पप्पन और जोनी दो भाई थे। जिसमें प्रदीप शादीशुदा था।
उसके एक बेटी है तथा जोनी की बीमारी के चलते कुछ समय पहले ही मौत हो गई थी। अब रकम सिंह की सड़क हादसे में मौत होने से घर का चराग ही बुझ गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भेज दिया।

