- दो बंदियों पर पुलिस ने 25-25 हजार का इनाम किया घोषित
- फरार बंदियों की तलाश में लगी पुलिस की चार टीम
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: कोविड 19 के प्रसार से बंदियों को बचाने के लिए बनाई गई अस्थायी जेल से चार बंदी फरार हो गए। बंदियों के फरार होने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक बंदी को अस्थायी के पास से पकड़ लिया।
दूसरा बंदी करीब 50 किलोमीटर दूर नगीना देहात से पकड़ा गया। दो बंदी अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। एसपी ने फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।
लॉकडाउन के समय प्रशासन ने इंदिरा बाल भवन में बने शेल्टर होम को अस्थायी जेल बनाया था। नए बंदी पकड़े जाने पर उन्हें जिला कारागार भेजने के बजाए कुछ दिन तक अस्थायी जेल में ही रखा जाता है।
जिला कारागार में लगातार कोरोना संक्रमित मिलने के बाद अब भी यही व्यवस्था चल रही है। गुरूवार सुबह अस्थायी जेल से चार बंदी फरार हो गए।
शस्त्र अधिनियम में पकड़ा गया कोतवाली देहात की रजा कॉलोनी निवासी फरमान पुत्र निसार अहमद व गांव दौलताबाद निवासी संजू पुत्र बाबूराम, बढ़ापुर के गांव जमालपुर ढ़िकला निवासी कुलवीर उर्फ पंकज पुत्र राजकुमार, नगीनादेहात के गांव सूरजापुर टांडा माईदास निवासी अक्षय उर्फ गोलू पुत्र होशियार सिंह फरार हो गए।
बंदियों के फरार होने की भनक लगते ही अस्थायी जेल में तैनात पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। अस्थायी जेल के पास से आरक्षी मनीष ने संजू को दबोच लिया। नगीना देहात पुलिस ने अक्षय को अपने क्षेत्र से दबोच लिया।
कुलवीर व फरमान अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी को चार टीम बनाई गई गई हैं। दोनों फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है।
“बिजनौर कोतवाली नगर क्षेत्र में बनी अस्थायी जेल से गुरूवार सुबह चार बंदी फरार हो गए थे। फरार में से दो बंदियों को पकड़ लिया गया है। जबकि दो बंदियों की तलाश के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।”
-डा. धर्मवीर सिंह, एसपी बिजनौर

