- डीएम ने किया माकड्रिल का निरीक्षण, 16 जनवरी को पहला चरण
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना वैक्सीन टीकाकरण से पूर्व सोमवार को जनपद में माकड्रिल/ड्राई रन का दूसरी बार आयोजन 37 स्थानों पर 71 सेशन पर हुआ। डीएम ने एलएलआरएम मेडिकल कालेज, सीएचसी रोहटा का निरीक्षण कर वहां की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया व आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
उन्होंने बताया कि जनपद में 19,223 प्राइवेट व सरकारी स्वास्थ्यकर्मियों को प्रथम चरण में कोरोना वैक्सीन का टीका 16 जनवरी 2021 को लगाया जायेगा, जिसके लिए सोमवार को दूसरी बार माकड्रिल किया गया। इसके बाद डीएम ने बचत भवन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
डीएम के. बालाजी ने बताया कि माकड्रिल के प्रत्येक लोकेशन पर तीन रूम बनाये गये हैं। जिसमें वेटिंग रूम, सेपरेट वैक्सीनेशन रूम व आर्ब्जरवेशन रूम है। उन्होंने लाला लाजपत रॉय स्मारक मेडिकल कालेज (एलएलआरएम) व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) रोहटा में उक्त तीनों रूमों का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा गत पांच जनवरी को आयोजित माकड्रिल में सुधार का अवसर प्राप्त हुआ। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये गये तथा माकड्रिल पूर्णत: सफल रही।
माकड्रिल में प्रत्येक स्थान पर 15-15 लोग, जिनको टीका लगाया जाना है, वह उपस्थित रहे। डीएम ने बताया कि कोरोना महामारी नियंत्रण के लिए लगाई जाने वाली वैक्सीन के लिए 10223 प्राइवेट व 9000 सरकारी स्वास्थ्यकर्मियों को चिह्नित किया गया है।
इन सभी का डाटा कोविन पोर्टल पर भी अपलोड करा दिया गया है। कोरोना टीकाकरण के लिए सोमवार को माकड्रिल (ड्राई रन) का आयोजन 37 स्थानों पर 71 सेशन पर किया गया। डीएम ने बताया कि 16 जनवरी 2021 को 12 स्थानों पर 12 सेशन में टीकाकरण किया जायेगा।
टीकाकरण में एलएलआरएम मेडिकल कालेज में टू-वे कम्युनिकेशन रहेगा, जिसमें प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थिति रहेगी। सभी 12 स्थानों पर वेबकास्टिंग की सुविधा रहेगी। इस अवसर पर अपर डीएम प्रशासन मदन सिंह गर्ब्याल, सीएमओ डा. अखिलेश मोहन, डा. अशोक तालियान सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी व अधिकारी उपस्थित रहे।
शहर से लेकर देहात तक हुआ कोरोना वैक्सीन के लिए माकड्रिल
सोमवार को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कोरोना माकड्रिल का आयोजन एसडीएम कमलेश गोयल एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मुकेश मिश्र व सीएचसी प्रभारी डा. अंकुर त्यागी की उपस्थिति में
संपन्न हुआ।
सरधना में सोमवार को सीएचसी में कोविड वैक्सीनेशन का माकड्रिल कराया गया। इस दौरान एसडीएम ने अस्पताल पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएचसी में दो सत्र की व्यवस्था की गई। टीकाकरण को आने वाले लोगों के लिए वेटिंग रूम से लेकर सेपरेट रूम, वैक्सीनेशन रूप व आर्ब्जवेशन रूम तैयार किए गए हैं। जिसमें सोमवार को ड्राई रन का रिहर्सल किया गया। एसडीएम अमित कुमार भारतीय अस्पताल में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। इस मौके पर सीएचसी प्रभारी डा. राजेश कुमार, नोडल अधिकारी डा. विश्वास चौधरी, कार्यक्रम प्रबंधक नरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
दौराला में सीएचसी दौराला में सोमवार को कोरोना वैक्सीन की डोज को लेकर दूसरी बार माकड्रिल किया गया। सीएचसी प्रभारी डा. प्रदीप शर्मा ने बताया कि सोमवार को दौराला सीएचसी पर ईओ दौराला शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में दूसरी बार माकड्रिल किया गया। इसको लेकर चार काउंटर बनाये गए थे। पहले बूथ पर एंटी सुरक्षा, दूसरे पर सत्यापन, तीसरा टीकाकरण कक्ष और चौथे कक्ष को आर्वेडन रूम बनाया गया। दो बूथ पर प्रतिदिन 30 लाभार्थियों के टीकाकरण किया जायेगा। माकड्रिल के दौरान एसीएमओ डा. विश्वास चौधरी, डा. सुधीर कुमार, डा. दीपक, डा. विपुल कुमार, निशी खोखर, रेनू, रिया आदि मौजूद रहे।
परीक्षितगढ़ में सोमवार को सीएचसी पर कोविड-19 वैक्सीन लगाने का फाइनल स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा रिहर्सल किया गया। जिसका जोनल नोडल अधिकारी एसडीएम मवाना, नोडल अधिकारी एसीएमओ व नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी ने निरीक्षण किया।
मवाना में प्रथम चरण के को-वैक्सीन टीकाकरण अभियान से पूर्व सोमवार को एसडीएम कमलेश गोयल ने नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और माकड्रिल की। एसडीएम के निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं सीएचसी में चाकचौबंद मिली। एसडीएम ने सीएचसी चिकित्सकों द्वारा तैयार किया शीतकालीन को-वैक्सीन कक्ष की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। एसडीएम ने चिकित्सकों के साथ माकड्रिल की और सीएचसी में तैयार वैक्सीन कक्ष का निरीक्षण किया। इस मौके पर सीएचसी प्रभारी डा.सतीश भास्कर, डा. अनिल शर्मा, डा. टीपी सिंह, डा. अरुण कुमार, डा. कपिल धामा, डा. पूनम कुमारी आदि मौजूद रहे।
रोहटा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुरू हुए माकड्रिल का डीएम ने निरीक्षण किया। माकड्रिल के निरीक्षण के लिए सोमवार सुबह अचानक डीएम के. बालाजी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। जहां उन्होंने माकड्रिल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान डीएम के साथ अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. श्रीराम प्रेमी, सीएचसी प्रभारी डा. अमर सिंह आदि मौजूद रहे।
सरूरपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित हर माकड्रिल का एसडीएम सरधना अमित कुमार भारतीय ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों से वैक्सीनेशन की पूरी प्रक्रिया को देखा और परखा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा किए गए कार्यों पर संतोष जताया इस दौरान उनके साथ समाज कल्याण अधिकारी मुस्ताक अहमद, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा. ओपी जायसवाल नजर मोहम्मद बीएमसी आदि मौजूद रहे।
खरखौदा में कस्बा स्थित सीएचसी एवं एनसीआर मेडिकल कॉलेज में होने वाले कोरोना टीकाकरण लेकर सोमवार को 45 लोगों पर सफल माकड्रिल किया गया। कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा. रविन्द्र कुमार सिरोहा ने जानकारी देते हुए बताया कि सीएचसी को कोरोना टीकाकरण बूथ बनाया गया है। गांव लालपुर स्थित एनसीआर इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस के जनरल डायरेक्टर अश्वनी शर्मा ने बताया कि यहां पर टीकाकरण को लेकर चल रही तैयारी के चलते सोमवार को दो कमरों में करीब 30 लोगों पर सफल माकड्रिल का अभ्यास किया गया।

