ब्रिसबेन, भाषा: आॅस्ट्रेलिया के कप्तान टिम पेन का सुनील गावस्कर के साथ वाकयुद्ध में पड़ने का कोई इरादा नहीं है और उन्होंने कहा कि उनकी कप्तानी को लेकर भारत के इस महान बल्लेबाज के आकलन से वह रत्ती भर भी चिंतित नहीं हैं। सिडनी टेस्ट के दौरान पेन ने रविचंद्रन अश्विन पर छींटाकशी की थी जिसके बाद गावस्कर ने कहा था कि राष्ट्रीय टीम के कप्तान को यह शोभा नहीं देता और बतौर कप्तान पेन के दिन गिनती के बचे हैं। यह पूछने पर कि क्या उन्होंने गावस्कर की टिप्पणी सुनी है, पेन ने कहा कि मैंने सुना लेकिन मैं इसमें पड़ना नहीं चाहता। मेरा सुनील गावस्कर के साथ वाकयुद्ध का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अपनी राय रखने के लिए स्वतंत्र हैं लेकिन मुझे रत्ती भर भी फर्क नहीं पड़ता। सनी को जो कहना है, वह कहते रहें लेकिन आखिर में मेरा इससे कोई लेना देना नहीं है। पेन ने अपने आचरण के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांग ली थी। उन्होंने कहा कि अब आगे से वह चेहरे पर मुस्कुराहट लिए खेलते रहेंगे।

