- प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौपा ज्ञापन
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: कोरोना काल में लॉकडाउन के दौरान व्यापारियों को हुए आर्थिक नुकसान के मद्देनजर पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार से आर्थिक पैकेज दिए जाने की मांग को लेकर शहर में पैदल मार्च निकाला।
व्यापारियों ने प्रधानमंत्री को सम्बोधित एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी सदर को सौंपा। शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग के नेतृत्व में शहर में पैदल मार्च निकाला। इस दौरान उन्होने शहर के सुभाष चौक पर पहुंचकर प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम सदर संदीप कुमार को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि कोरोना संकट काल में देश के व्यापारियों की आर्थिक स्थिति चरमरा गई है। केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार ने व्यापारियों के लिए किसी भी प्रकार की सहायता जारी नहीं की। व्यापारियों के व्यापार लगातार कई माह बंद रहे और लॉक डाउन खुलने के बाद उनके सामने बिजली का बिल, बच्चों की फीस, बैंकों का ब्याज, जीएसटी, इनकम टैक्स आदि अनेकों समस्या खड़ी रही।
उन्होने कोरोना संकट काल के दौरान तीन माह अप्रैल, मई और जून का बिजली बिल माफ करने, बैंकों का ब्याज माफ करने, आवासीय तथा वाहन लोन की ईएमआई जमा कराने की सरकार को जिम्मेदारी लेने, 60 वर्ष से अधिक के व्यापारी की पेंशन योजना लागू करने, कमर्शियल विद्युत दरें घरेलु दरों के बराबर करने सहित कई मांग शामिल है।
इस अवसर पर सूर्यवीर सिंह, नरेन्द्र अग्रवाल, ब्रजभूषण संगल, कंवरबीर काम्बोज, सुभाष धीमान, महेश धीमान, रवि संगल, मनोज मित्तल, पंकज वालिया, पवन गोयल आदि उपस्थित रहे।

