जनवाणी ब्यूरो |
शामली: जिलाधिकारी जसजीत कौर ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई अधिकारी व कर्मचारियों के गायब मिलने पर डीएम ने कडी नाराजगी व्यक्त की और आगामी तीन दिनों में स्पष्टीकरण न दिए जाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को जिला अस्पताल में कोरोना वैक्सीन की जानकारी करने के लिए पहुंची जिलाधिकारी जसजीत कौर ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 16 जनवरी को लगाए जाने वाले कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण के संबंध में उचित दिशा निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने डयूटी रजिस्टर की जांच की तो उसमें से कई अधिकारी व कर्मचारी गैर हाजिर मिले।
जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। जिलाधिकारी ने गैर हाजिर 3 दर्जन अधिकारियों व कर्मचारियों को आगामी तीन दिनों में स्पष्टीकरण दिए जाने के निर्देश दिये। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही बरता है तो कार्रवाई की जायेगी।

